नगरीय जनसुविधाओं को प्रभावी बनाने तथा स्थानीय जनता एवं पार्षदों द्वारा प्रतिदिन अवगत कराई जा रही जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा द्वारा नियमित रूप से अपने कार्यालय में जनसुनवाई की जा रही है।
इसी क्रम में बीते दिनों वार्ड-24 के ग्रीन पार्क कालोनी के निवासियों द्वारा नगर निगम द्वारा बनवाई जा रही आरसीसी सड़क की गुणवत्ता के संबंध में नगर आयुक्त को शिकायत पत्र दिया गया था जिसका संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने शुक्रवार दोपहर 1:00 बजे वार्ड 24 स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में नगर निगम द्वारा बनवाए जा रही सड़क व नाली निर्माण का निरीक्षण किया। मौके पर सड़क की गुणवत्ता निर्माण सामग्री और नाली निर्माण में नगर आयुक्त को मानक व गुणवत्ता की कमी दिखाई दी मौके पर नगर आयुक्त ने मजदूरों को लगाकर नाली की खुदाई करके निर्माण कार्य की गुणवत्ता को अपने सामने देखा।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने खराब गुणवत्ता की नाली निर्माण पर कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार को दोबारा नाली के इंटरलॉकिंग को निकाल कर पुनः निर्माण कराए जाने एवं सड़क का सैंपल लेकर 7 दिन की टेस्टिंग रिपोर्ट व कोर कटिंग कराये जाने के निर्देश सिविल इंजीनियर को दिए।
स्थानीय पार्षद बॉबी के साथ नगर आयुक्त ने वार्ड 24 तलासपुर कला स्थित प्राइमरी पाठशाला के बराबर और प्राइमरी पाठशाला के सामने की क्षतिग्रस्त सड़क व नवनिर्मित अस्थाई गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वार्ड 24 में पार्षद द्वारा बताई गई दोनों गलियों का भौतिक सत्यापन करते हुए अवर अभियंता अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से गलियों के निर्माण वह अस्थाई गौशाला में गौवंश के लिए चराई, पानी के लिये होज़ निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश। नगर आयुक्त ने इस वार्ड में नगर निगम की गाटा संख्या 132 व 133 पर जनहित में पेयजल की प्याऊ लगाई जाने के निर्देश अवर अभियंता जल को दिए।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप नगर निगम द्वारा वार्डों में नगरीय सुविधाओं को प्रभावी बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड-24 ख़राब सड़क निर्माण संबंधी शिकायत का स्थलीय निरीक्षण करते हुए वार्ड में नगरी सुविधाओं को प्रभावी बनाने के लिए दो कच्ची गलियों के निर्माण व एक पेयजल की प्याऊ के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कराए जाने के निर्देश अधीनस्थों को दिए गए हैं