रविवार को मंडलायुक्त ओ.पी. आर्य ने नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के साथ नगर निगम एवं अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। मंडलायुक्त द्वारा नगर निगम व स्मार्ट सिटी परियोजना के पहली बार किए गए इस निरीक्षण के दौरान शहर की जल निकासी व्यवस्था, सीएम ग्रिड रामघाट रोड परियोजना, नौरंगीलाल इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम तथा बाराद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन किया गया।

निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त संग सीएम ग्रिड रामघाट रोड परियोजना पैकेज-1 के फेज-1 के अंतर्गत लगभग 17 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से वार्ड संख्या 33, 49, 53, 74 एवं 82 में मीनाक्षी पुल से क्वारसी थाना तक लगभग 2.65 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मंडल आयुक्त को बताया कि उक्त सड़क के निर्माण से ट्रैफिक सुधार होने के साथ-साथ दर्शकों से रामघाट रोड पर जल भराव की समस्या समाप्त हुई है।
रामघाट रोड के उपरांत मंडलायुक्त ने मैरिस रोड होते हुए लाल डिग्गी रोड होते हुए अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की महत्वपूर्ण परियोजना नौरंगीलाल इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम का भौतिक सत्यापन किया।
नगर आयुक्त ने मंडलायुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा लगभग 50 करोड़ की लागत से नोरंगी लाल इनडोर स्पोर्ट स्टेडियम बनाया गया है जिसका उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री जी व माननीय मुख्यमंत्री जी के कर कमलों से कराया जाना अपेक्षित है
मंडलायुक्त को नगर आयुक्त ने बताया कि लगभग 6000 स्कायर मीटर एरिया में निर्माणधीन इस इनडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुविधा के लिये चैजिंग रूम, लॉकर रूम, अतिथि रूम, मीडिया रूम, वीआईपी रूम, खेल कूद के लिये आफिस, दर्शक दीर्घा के साथ साथ अलीगढ़ के खिलाड़ियों को बस्केटबॉल, बैडमिंनटन, स्वीमिंग, योगा, जिम व अन्य खेल खेलने की सुविधा मिल सकेगी।
नोरंगी लाल स्पोर्ट स्टेडियम के उपरांत मंडलायुक्त ने बाराद्वारी शॉपिंग कंपलेक्स का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त से इस प्रोजेक्ट के संबंध में जानकारी ली। नगर आयुक्त ने उनको बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत ₹49.89 करोड़ की लागत से तैयार हुए बाराद्वारी शॉपिंग कंपलेक्स व मल्टी लेवल कार पार्किंग में दुकानों के आवंटन प्रक्रिया तेज हो गई है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के प्रथम चरण में 1 करोड़ 75 लाख के राजस्व के साथ 7 दुकानों का आवंटन संतोषजनक पूर्ण हो गया है। जिसका उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री जी व माननीय मुख्यमंत्री जी के कर कमलों से कराया जाना अपेक्षित है।
निरीक्षण के अंत में मंडलायुक्त ने दोनों प्रमुख स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि परियोजनाओं में शेष सभी कमियों को तत्काल चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।
मंडलायुक्त ओ.पी. आर्य ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जलभराव जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सीएम ग्रिड सड़क निर्माण की परियोजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। जिन परियोजनाओं का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है उनमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित विभाग आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए पीएमओ एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से समन्वय स्थापित कर उद्घाटन की प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाएं ताकि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ अलीगढ़ शहरवासियों को जल्द से जल्द मिल सके।
निरीक्षण में अपर मंडलायुक्त अरुण कुमार, चीफ इंजीनियर बीके सिंह आदि साथ थे।