भाईदूज का पर्व है लाया
भाई बहन का अनूठा प्यार
अक्षत,रोली, चंदन जैसा
पावन प्यारा यह त्यौहार
बचपन की वो अल्हड़ यादें
खट्टी मीठी वो तकरारें
आजभी मन को करतीं विह्वल
एक दूजे की वो मनुहारें
वो हमारा लड़ना झगड़ना
वो रूठना औ फिर मान जाना
एक साथ फिर हँसना हँसाना
फिर मिल गाना नया तराना
समय केसाथ बदल गईदुनिया
हम और तुम सब बड़े हो गए
जिम्मेदारी की राहों पर हम
अपनी जिंदगी में व्यस्त हो गए
कितना पावन दिन ये सुहावन
भाई बहन को मिलाया फिर से
हृदय में बहती प्रीति की गंगा
स्नेह सुधा की धारा सरसे
आरती की मैं थाल सजाऊं
कुमकुम से मैं तिलक लगाऊँ
कभी न तुझपे आए संकट
तेरी बलाएं मैं हँस के वारूं
रहे सलामत भाई मेरा
दुख औ कष्ट से दूर रहे
उसके जीवन के प्रांगण में
खुशियों का ही नूर रहे
लाए सुख समृद्धि ये पर्व
बढ़ता रहे सदा ये प्यार
भाईदूज के इस अवसर पर
अर्पित तुम्हें स्नेह उपहार !!!

लेखक के बारे में : स्मृति श्रीवास्तव का तृतीय काव्य संग्रह डायमंड पॉकेट बुक्स द्वारा प्रकाशित “अन्तर्ध्वनि” समकालीन हिंदी काव्यधारा में एक महत्वपूर्ण हस्तक्षेप के रूप में उभरता है। हिंदी साहित्य में एम.ए. उपाधि प्राप्त करने के उपरांत लेखिका ने अपना जीवन हिंदी भाषा, भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों के संवर्धन को समर्पित किया है। नई दिल्ली के सेंट थॉमस स्कूल में दो दशकों तक हिंदी एवं संस्कृत का अध्यापन, दिल्ली विश्वविद्यालय के नेत्रहीन विद्यार्थियों के लिए दुर्लभ ग्रंथों का वाचन-रिकॉर्डिंग तथा वंचित महिलाओं के लिए सामाजिक सक्रियता—इन सभी अनुभवों की गहन मानवीय संवेदना इस कृति की पंक्तियों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है।

