NEW English Version

अमर गाथा–वीर हनुमान की : एक प्रेरक चित्रकथा

समीक्षक : डॉ. उमेशचन्द्र सिरसवारी

भारतीय संस्कृति और साहित्य की समृद्ध परंपरा में भगवान श्रीराम तथा उनके अनन्य भक्त पवनपुत्र हनुमान का चरित्र श्रद्धा, विश्वास, शक्ति, साहस, सेवा और समर्पण का अनुपम प्रतीक रहा है। हनुमान जी का जीवन अतुलित बल, अद्भुत बुद्धिमत्ता, विनम्रता, कर्तव्यनिष्ठा और निःस्वार्थ सेवा जैसे गुणों की प्रेरणा देता है। उनका चरित्र संदेश देता है कि शक्ति का वास्तविक महत्त्व दूसरों की सहायता, सत्य एवं धर्म की रक्षा और लोककल्याण में निहित है। इन्हीं आदर्शों को बाल पाठकों तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास है लेखक एवं चित्रकार संजीव जायसवाल ‘संजय’ की चित्रकथा ‘अमर गाथा–वीर हनुमान की’।

संजीव जायसवाल ‘संजय’ हिंदी साहित्य के प्रतिष्ठित एवं बहुमुखी रचनाकार हैं। साहित्य की विभिन्न विधाओं में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनका व्यापक साहित्यिक अनुभव और बालसाहित्य के प्रति रचनात्मक दृष्टिकोण इस कृति में भी परिलक्षित होता है। उन्होंने हनुमान जी के जन्म, बाल्यकाल, शिक्षा, प्रभु श्रीराम से मिलन, समुद्र लांघने, अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट, लंका दहन, संजीवनी बूटी लाने तथा उनकी अनन्य रामभक्ति जैसे प्रमुख प्रसंगों को चित्रकथा के माध्यम से प्रस्तुत किया है।

पुस्तक ‘अमर गाथा–वीर हनुमान की’ का उद्देश्य बच्चों एवं किशोरों को हनुमान जी के जीवन और आदर्शों से परिचित कराते हुए उनमें साहस, आत्मविश्वास, विवेक, विनम्रता, अनुशासन, परोपकार, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना है। इस दृष्टि से यह कृति केवल पौराणिक आख्यान नहीं, बल्कि संस्कारपरक बालसाहित्य का एक प्रेरक प्रयास है।

संजीव जायसवाल ‘संजय’ वरिष्ठ बाल साहित्यकार लखनऊ
संजीव जायसवाल ‘संजय’
वरिष्ठ बाल साहित्यकार
लखनऊ

हनुमान जी का जन्म और बाल लीलाएँ

चित्रकथा का आरंभ त्रेतायुग में चैत्र पूर्णिमा के दिन माता अंजना और वानरराज केसरी के घर हनुमान जी के दिव्य जन्म के प्रसंग से होता है। लेखक ने उनके जन्म और बाल स्वरूप को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया है। बाल्यकाल में सूर्य को फल समझकर निगल लेने का प्रसंग कथा का विशेष आकर्षण है। इस घटना के कारण समस्त संसार में अंधकार छा जाता है और देवता चिंतित हो उठते हैं। देवराज इंद्र द्वारा वज्र प्रहार किए जाने तथा पवनदेव के क्रोधित होकर वायु का प्रवाह रोक देने की घटना कथा को रोमांचक बनाती है। अंततः ब्रह्मा जी द्वारा हनुमान जी को स्वस्थ करना और देवताओं द्वारा उन्हें विभिन्न शक्तियों एवं वरदानों से विभूषित करना उनके दिव्य व्यक्तित्व को स्थापित करता है। इस प्रसंग के माध्यम से बच्चों को हनुमान जी के अद्भुत सामर्थ्य और पौराणिक परंपरा से परिचित होने का अवसर मिलता है। आगे ऋषि-मुनियों को बाल हनुमान द्वारा परेशान किए जाने और ऋषि के श्राप के कारण अपनी शक्तियाँ भूल जाने का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया है। इसमें यह संदेश निहित है कि प्रतिभा और शक्ति के साथ विनम्रता, संयम तथा अनुशासन का होना भी आवश्यक है।

शिक्षा, गुरु सम्मान और ज्ञान का महत्व

हनुमान जी का सूर्यदेव के पास शिक्षा प्राप्त करने जाना तथा अल्प समय में समस्त शास्त्रों का ज्ञान अर्जित करना उनके विद्वत्तापूर्ण व्यक्तित्व का परिचय कराता है। सूर्यदेव द्वारा गुरु दक्षिणा के रूप में अपने पुत्र सुग्रीव की सहायता करने का दायित्व सौंपना गुरु-शिष्य परंपरा और कर्तव्यपालन की भारतीय सांस्कृतिक भावना को रेखांकित करता है। यह प्रसंग बच्चों को सिखाता है कि ज्ञान प्राप्त करना जीवन की महत्वपूर्ण साधना है। गुरु के प्रति सम्मान, उनकी शिक्षाओं का अनुसरण और प्राप्त ज्ञान का सदुपयोग व्यक्ति के व्यक्तित्व को श्रेष्ठ बनाते हैं।

प्रभु श्रीराम से मिलन और सुग्रीव से मित्रता

चित्रकथा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव हनुमान जी की प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण जी से प्रथम भेंट है। माता सीता की खोज करते हुए श्रीराम और लक्ष्मण ऋष्यमूक पर्वत के निकट पहुँचते हैं। सुग्रीव उनके वास्तविक परिचय का पता लगाने के लिए हनुमान जी को भेजते हैं। हनुमान जी ब्राह्मण का रूप धारण कर दोनों भाइयों से संवाद करते हैं। उनकी प्रश्न करने की शैली, भाषा की मधुरता और परिस्थिति को समझने की क्षमता उनकी बुद्धिमत्ता एवं कूटनीतिक दक्षता को प्रकट करती है। श्रीराम का परिचय प्राप्त होते ही हनुमान जी अपने वास्तविक स्वरूप में आकर उनके चरणों में नतमस्तक हो जाते हैं। इसके बाद वे श्रीराम और लक्ष्मण को अपने कंधों पर बैठाकर सुग्रीव के पास ले जाते हैं तथा दोनों के बीच मित्रता स्थापित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रसंग सेवा भावना, संवाद-कौशल, संगठन क्षमता और सच्ची मित्रता का उदाहरण है। हनुमान जी का चरित्र बताता है कि किसी उद्देश्य की सफलता के लिए बुद्धि, व्यवहार-कुशलता और समर्पण का समन्वय आवश्यक है।

वचनबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा

राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध और सुग्रीव के राज्याभिषेक के बाद माता सीता की खोज का दायित्व सामने आता है। राज्य प्राप्त होने के पश्चात सुग्रीव अपने वचन को भूल जाते हैं। ऐसे समय में हनुमान जी उन्हें उनके कर्तव्य का स्मरण कराते हैं और समझाते हैं कि सुख-सुविधाओं में डूबकर अपने वचन तथा दायित्वों की उपेक्षा करना उचित नहीं है। हनुमान जी का यह रूप एक विवेकशील सलाहकार और जिम्मेदार मित्र का है। इस प्रसंग से बच्चों को सीख मिलती है कि जीवन में सफलता और अधिकार प्राप्त होने के बाद भी अपने दायित्वों को नहीं भूलना चाहिए। वचनबद्धता, समय का सदुपयोग और मित्रों के प्रति निष्ठा अच्छे व्यक्तित्व के आवश्यक गुण हैं।

समुद्र लांघने का संकल्प और आत्मविश्वास

माता सीता की खोज में निकली वानर सेना जब समुद्र तट पर पहुँचती है, तब जटायु के बड़े भाई संपाती से पता चलता है कि माता सीता लंका की अशोक वाटिका में हैं। अब सबसे बड़ी चुनौती सौ योजन विस्तृत समुद्र को पार करने की होती है। जामवंत जी अपनी वृद्धावस्था के कारण असमर्थता व्यक्त करते हैं और अंगद भी अपनी वापसी को लेकर संशय में रहते हैं। हनुमान जी भी अपनी शक्ति से अनभिज्ञ होकर मौन बैठे रहते हैं। ऐसे समय में जामवंत जी उन्हें उनके वास्तविक सामर्थ्य और देवताओं से प्राप्त वरदानों का स्मरण कराते हैं। उनके प्रेरक शब्दों से हनुमान जी की सुप्त शक्ति जागृत होती है और वे समुद्र पार करने के लिए तैयार हो जाते हैं। यह प्रसंग चित्रकथा का अत्यंत प्रेरणादायक पक्ष है। इससे बच्चों को संदेश मिलता है कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर अनेक संभावनाएँ होती हैं। कभी-कभी उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के अभाव में व्यक्ति अपनी क्षमताओं को पहचान नहीं पाता। आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रेरणा से कठिन से कठिन लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है।

बुद्धिमत्ता, धैर्य और विवेक का परिचय

लंका पहुँचने से पहले हनुमान जी को सुरसा सहित अनेक बाधाओं का सामना करना पड़ता है। सुरसा द्वारा मार्ग रोकने पर वे पहले अपना विशाल रूप धारण करते हैं और फिर अत्यंत छोटा रूप बनाकर उसके  मुँह में प्रवेश कर बाहर निकल आते हैं। यह प्रसंग बताता है कि हर समस्या का समाधान केवल शारीरिक शक्ति से नहीं किया जा सकता। कई बार धैर्य, बुद्धिमत्ता और परिस्थिति के अनुसार स्वयं को ढालने की क्षमता अधिक महत्वपूर्ण होती है। लंकिनी को परास्त कर लंका में प्रवेश करना तथा सूक्ष्म रूप धारण करके अशोक वाटिका में माता सीता को खोजना भी उनकी विवेकशीलता का परिचय देता है।

अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट

अशोक वाटिका में माता सीता को देखकर हनुमान जी भावुक हो जाते हैं। वे प्रभु श्रीराम की मुद्रिका प्रस्तुत कर उन्हें उनका संदेश देते हैं और विश्वास दिलाते हैं कि श्रीराम शीघ्र ही उन्हें रावण के बंधन से मुक्त कराने आएँगे। मुद्रिका देखकर माता सीता को विश्वास हो जाता है कि हनुमान जी वास्तव में श्रीराम के दूत हैं। यह प्रसंग केवल भक्ति की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि आशा, विश्वास और संवेदना का भी प्रतीक है। कठिन परिस्थितियों में किसी अपने का संदेश व्यक्ति के भीतर नया साहस और उम्मीद जगाता है। हनुमान जी यहाँ संदेशवाहक के साथ-साथ विश्वास और आशा के वाहक के रूप में सामने आते हैं। माता सीता के प्रति उनका सम्मान और विनम्र व्यवहार उनके चरित्र की महानता को प्रकट करता है।

लंका दहन और अन्याय के विरुद्ध साहस

अशोक वाटिका में फल खाने और वाटिका को उजाड़ने के बाद हनुमान जी का रावण की सेना से संघर्ष होता है। अक्षय कुमार और मेघनाद के साथ युद्ध के प्रसंग में उनका अद्भुत पराक्रम दिखाई देता है। रावण के दरबार में पहुँचकर वे उसे माता सीता को सम्मानपूर्वक श्रीराम को लौटाने तथा अधर्म का मार्ग छोड़ने की सलाह देते हैं। रावण द्वारा उनकी पूँछ में आग लगाने का आदेश दिए जाने के बाद हनुमान जी लंका दहन करते हैं। यह प्रसंग अहंकार और अधर्म के पतन का प्रतीक है। इसके माध्यम से बच्चों को अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने तथा अपनी शक्ति का उपयोग सत्य और धर्म की रक्षा के लिए करने की प्रेरणा मिलती है।

संजीवनी बूटी : सेवा और समर्पण का आदर्श

लंका युद्ध के दौरान मेघनाद के शक्ति-बाण से लक्ष्मण जी मूर्छित हो जाते हैं। श्रीराम व्याकुल हो उठते हैं। ऐसी संकटपूर्ण स्थिति में हनुमान जी लंका के राजवैद्य सुषेण को उनके भवन सहित ले आते हैं। वैद्य द्वारा संजीवनी बूटी लाने की सलाह दिए जाने पर वे तत्काल द्रोणागिरि पर्वत की ओर प्रस्थान करते हैं। जड़ी-बूटियों की पहचान न कर पाने पर समय की गंभीरता को देखते हुए पूरा पर्वत ही उठा लाते हैं। लक्ष्मण जी के स्वस्थ होने पर श्रीराम उन्हें हृदय से लगा लेते हैं और भरत के समान प्रिय बताते हैं। यह प्रसंग हनुमान जी की सेवा भावना, तत्परता, निर्णय क्षमता और पूर्ण समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है। बच्चों को इससे सीख मिलती है कि संकट के समय बहाने बनाने के बजाय समाधान खोजने का प्रयास करना चाहिए।

धर्म की विजय और हनुमान जी की अनन्य भक्ति

चित्रकथा के अंतिम भाग में श्रीराम और रावण के बीच निर्णायक युद्ध, रावण वध, विभीषण का राज्याभिषेक और श्रीराम की अयोध्या वापसी का वर्णन है। चौदह वर्ष का वनवास पूर्ण होने के बाद श्रीराम का राज्याभिषेक होता है। यह प्रसंग सत्य, धर्म, मर्यादा और न्याय की विजय का संदेश देता है। पुस्तक का सबसे भावपूर्ण प्रसंग हनुमान जी की अनन्य रामभक्ति है। अयोध्या में माता सीता द्वारा उन्हें मोतियों की माला भेंट किए जाने पर हनुमान जी प्रत्येक मोती को देखकर यह स्पष्ट करते हैं कि जिस वस्तु में उनके प्रभु श्रीराम नहीं हैं, वह उनके लिए महत्वपूर्ण नहीं है। जब उनके हृदय में श्रीराम के निवास पर प्रश्न उठता है, तब वे अपना सीना चीरकर उसमें श्रीराम और माता सीता के दर्शन कराते हैं। यह प्रसंग पूर्ण आत्मसमर्पण और निष्काम भक्ति का अनुपम उदाहरण है। श्रीराम द्वारा हनुमान जी को अमरत्व का वरदान देना पुस्तक के शीर्षक ‘अमर गाथा’ को सार्थकता प्रदान करता है।

भाषा, शैली और चित्रात्मक प्रस्तुति

इस चित्रकथा की प्रमुख विशेषता इसकी सरल, सहज भाषा है। लेखक ने पौराणिक प्रसंगों को बाल पाठकों की समझ के अनुरूप प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। पात्रों के संवाद कथा में रोचकता बनाए रखते हैं। घटनाओं का क्रमबद्ध संयोजन पाठकों को कथा के प्रवाह से जोड़े रखता है। चित्रकथा होने के कारण चित्रों का विशेष महत्व है। चित्र बच्चों की कल्पनाशक्ति को सक्रिय करते हैं और उन्हें घटनाओं तथा पात्रों के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं। हनुमान जी के बाल स्वरूप, पराक्रम, बुद्धिमत्ता, भक्ति और सेवा भावना के विभिन्न आयामों को चित्रात्मक माध्यम से प्रस्तुत करना पुस्तक की उपयोगिता बढ़ाता है। पुस्तक के अंत में गोस्वामी तुलसीदास रचित श्री हनुमान चालीसा का समावेश भी सराहनीय है। इससे पाठकों को कथा के साथ भक्ति साहित्य से जुड़ने का अवसर मिलता है।

पुस्तक की शैक्षिक और सांस्कृतिक उपयोगिता

वर्तमान समय में बच्चों के सामने डिजिटल मनोरंजन के अनेक माध्यम उपलब्ध हैं। ऐसे वातावरण में बाल साहित्य की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत, पौराणिक परंपराओं और महान चरित्रों से परिचित कराने के लिए चित्रकथाएँ प्रभावी माध्यम सिद्ध हो सकती हैं।

‘अमर गाथा–वीर हनुमान की’ बच्चों को निम्नलिखित जीवन-मूल्यों की प्रेरणा देती है-

1. आत्मविश्वास : अपनी क्षमताओं को पहचानना और कठिन परिस्थितियों में हिम्मत बनाए रखना।

2. विनम्रता : शक्ति और प्रतिभा होने पर भी अहंकार से दूर रहना।

3. गुरु सम्मान : गुरु के प्रति श्रद्धा रखना और उनकी शिक्षाओं का पालन करना।

4. मित्रता : मित्र के सुख-दुःख में साथ देना और उसके प्रति निष्ठावान रहना।

5. कर्तव्यनिष्ठा : सौंपे गए दायित्व को पूरी ईमानदारी से निभाना।

6. बुद्धिमत्ता : समस्याओं का समाधान विवेक और सूझबूझ से खोजना।

7. सेवा भावना : दूसरों के हित और कल्याण को प्राथमिकता देना।

8. साहस : अन्याय और अधर्म के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होना।

9. समर्पण : अपने उद्देश्य के प्रति पूर्ण निष्ठा बनाए रखना।

10. भक्ति : श्रद्धा, विश्वास और प्रेम के साथ अपने आराध्य के प्रति समर्पित रहना।

निष्कर्षत: ‘अमर गाथा–वीर हनुमान की’ भारतीय पौराणिक परंपरा के एक महान चरित्र को बाल पाठकों तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास है। लेखक संजीव जायसवाल ‘संजय’ ने हनुमान जी के जीवन के प्रमुख प्रसंगों को सरल भाषा, संवादात्मक शैली और चित्रात्मक प्रस्तुति के माध्यम से एक कथा-प्रवाह में पिरोया है। पुस्तक की विशेष उपलब्धि यह है कि इसमें हनुमान जी के अलौकिक पराक्रम के साथ उनके मानवीय गुणों को भी प्रमुखता दी गई है। हनुमान जी का चरित्र हमें सिखाता है कि वास्तविक महानता केवल शक्ति, पद अथवा प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि सेवा, विनम्रता, विवेक और समर्पण में निहित है। उनकी शक्ति लोककल्याण के लिए है, उनकी विद्वत्ता सदुपयोग के लिए है और उनकी भक्ति पूर्ण निष्ठा एवं आत्मसमर्पण का प्रतीक है। आज जब नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, तब इस प्रकार की चित्रकथाएँ विशेष महत्व रखती हैं। निश्चित रूप से यह पुस्तक बच्चों को रामकथा, भारतीय संस्कृति और हनुमान भक्ति से परिचित कराने के साथ-साथ उनके जीवन में साहस, आत्मविश्वास, परोपकार, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा जैसे संस्कार विकसित करने में सहायक सिद्ध हो सकती है।

पुस्तक का नाम : अमर गाथा–वीर हनुमान की

लेखन एवं चित्रांकन : संजीव जायसवाल ‘संजय’

प्रकाशक : श्री हनुमत पब्लिकेशन प्राइवेट लिमिटेड, आलमबाग, लखनऊ

डॉ. उमेशचन्द्र सिरसवारी
समीक्षक : डॉ. उमेशचन्द्र सिरसवारी
Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »