NEW English Version

बड़वानी दे रहा बालिका शिक्षा के सपने को पूरा करने में साथ: महर्षि वैष्णव

भौगोलिक चुनौतियों को पीछे छोड़ तेजी से बढ़ रहा बालिका शिक्षा के क्षेत्र में आगे, एजुकेट गर्ल्स ने बड़वानी में मनाया 15वां स्थापना दिवस

मुस्कान सिंह

बड़वानी : बालिका शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत गैर-लाभकारी संस्था एजुकेट गर्ल्स ने इस साल अपने 15 सालों का सफर पूरा किया है। इस अवसर पर संस्था ने बड़वानी में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया। संस्था वर्तमान में मध्य प्रदेश के चार जिलों में स्कूल से वंचित बालिकाओं की पहचान कर उनके नामांकन, ठहराव व कौशल विकास के स्तर को बढ़ाने में सरकार और समुदाय के साथ मिलकर काम कर रही है। संस्था ने स्थापना दिवस समारोह “बेमिसाल 15 साल” की थीम पर बड़ी धूमधाम से मनाया। बड़वानी के इस समारोह में 1000 से भी अधिक टीम बालिकाओं (स्वयंसेवकों), संस्था के कर्मचारियों, सरकारी अधिकारियों, डोनर एवं बोर्ड सदस्यों ने जिला स्तर पर हिस्सा लिया।
समारोह में बालिका शिक्षा के लिए श्रेष्ठ योगदान देने के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले टीम बालिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न लाभार्थियों ने नाट्य और समूह नृत्य के माध्यम से अपनी प्रस्तुति देते हुए बालिका शिक्षा के महत्व का संदेश दर्शकों को दिया। संस्था के बड़वानी के डिस्ट्रिक्ट लीड रोहित चतुर्वेदी ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्था के साथ जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली बड़वानी जिले की टीम बालिका राम राव तरोले ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “मैं 2018 से एजुकेट गर्ल्स की गतिविधियों से जुड़ा हूं। जीवन में शिक्षा का महत्व क्या होता है, इसका अनुभव मैंने खुद किया है। संस्था ने हमें जो प्रशिक्षण दिए उसकी वजह से मुझे आत्मविश्वास मिला। संस्था के साथ बालिका शिक्षा में कार्य करने का अनुभव मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बड़वानी जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने कहा, “सरकार और प्रशासन बालिका शिक्षा के लिए संसाधन उपलब्ध करा देते हैं, लेकिन अकेले सरकार के प्रयास से लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता है। ऐसे में बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए आप जैसी सामाजिक संस्थाओ से भी हमें मदद मिलती है। मैं एजुकेट गर्ल्स संस्था को कई सालों से जानता हूं और आपके काम को करीब से देखा है। बड़वानी जिले में आपकी टीम सराहनीय और पथप्रदर्शक कार्य कर रही है। मैं आपको स्थापना दिवस पर बधाई देता हूं।”

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित बड़वानी पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक शुक्ला ने कहा, “शिक्षा हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खासतौर पर बालिका शिक्षा का विषय पीछे रह गया है। समाज के कई क्षेत्रों अभी भी महिलाओं और लड़कियों का प्रतिनिधित्व कम है। आपकी संस्था के सभी स्वयंसेवक बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि संस्था इसी तरह अपना अच्छा काम जारी रखेगी।’’

एजुकेट गर्ल्स के सीईओ महर्षि वैष्णव ने बताया, “एजुकेट गर्ल्स संस्था के 15 साल का सफर सरकार, समुदाय और टीम बालिका इनके बिना पूरा होना संभव नहीं था। 15 साल पहले बालिका शिक्षा के लिए पड़ा एक छोटा सा बीज आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है। बड़वानी में हमने 6 साल पहले काम शुरू किया था।
ये इलाका मध्य प्रदेश के भौगोलिक रूप से सबसे चुनौतीपूर्ण इलाकों में से है। चुनौतियों के बावजूद टीम बालिका, सरकार और डोनर्स की मदद से हम बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने में सफल रहे हैं। लेकिन अभी हमें और भी काम करना बाकी है। बड़वानी जिले ने हमें बालिका शिक्षा के सपने को पूरा करने में अभी तक मजबूत साथ दिया है और मैं उम्मीद करता हूं कि आगे भी ये सिलसिला जारी रहेगा।’’

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »