नवल वधू सी आई शरद ऋतु,
रूप और यौवन छलकाती।
फूलों से वादियां सजाती,
हरीतिमा से भू संवारती।
उसके शुभागमन के संग ही
वसुंधरा का हुआ श्रृंगार।
दीपों की अवली से सजे गृह,
संग आए अनगिन त्यौहार।
सतरंगी पुष्प लताओं ने,
वसुधा का महकाया आंचल।
ओस की बूंदे बरस रहीं,
छनकाती अपनी पायल।
शरद का नीला,धवल,स्फटिक
सा मनहर विस्तृत आकाश
रंग बिरंगे सुमनों से सज,
धरा है पुलकित हिय में हुलास
चमके झिलमिल चांद सितारे,
मन के दीप करें उजियार ।
फैला है उजास चहुं ओर,
हुलसित नाचे मन का मयूर।
अमृत वर्षा करता अम्बर,
मानो पावन गंगा का जल।
चारु चंद्र की शुभ्र ज्योत्सना,
धरती की अनमोल धरोहर!!!

