NEW English Version

नगर निगम की कार्यवाही से मामू भांजा रेडियो मार्केट हुआ अतिक्रमण मुक्त-नगर निगम अतिक्रमण हटवाकर मामू भांजा रोड को कराया ट्रैफिक मुक्त

*नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद हुई बड़ी कार्यवाई*

अलीगढ़: नगरीय सड़को, फुटपाथ व नाले नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराकर जल निकासी व यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में महापौर प्रशांत सिंघल व नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की पहल पर स्वच्छ अलीगढ़ स्वस्थ अलीगढ़ अभियान के तहत नगर निगम द्वारा रोज़ाना सड़को से अतिक्रमण हटाये जाने की कार्यवाई नगर निगम द्वारा की जा रही है।

रविवार को मामू भांजा स्थित रेडियो मार्केट में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाई करते हुए इस क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई कई दिनों से जारी प्रयासों का परिणाम रही जिसमें नगर निगम ने सख़्ती के साथ अवैध अतिक्रमण को हटाया तथा पैदल चलने वाले नागरिकों एवं दुकानदारों को बड़ी राहत प्रदान की।

*नगर आयुक्त ने लिया कड़ा एक्शन*

बीते दिनों रेडियो मार्केट के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने नगर आयुक्त से मुलाक़ात कर मार्केट में व्याप्त अतिक्रमण की समस्या को दूर करने का अनुरोध किया था। इस निवेदन को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने तत्परता दिखाते हुए बीते दिनों ख़ुद मामू भांजा जाकर व्यापारियों संग अतिक्रमण को देखा था। नगर आयुक्त ने प्रवर्तन दल को कड़े निर्देश जारी किए। आदेशों का पालन करते हुए सहायक नगर आयुक्त ने व्यक्तिगत रूप से अभियान की निगरानी की और रेडियो मार्केट परिसर से अवैध कब्ज़ों, ठेलों, तथा मार्ग बाधक ढांचों को हटाकर क्षेत्र को सुचारु और व्यवस्थित बना दिया।

*व्यापार मण्डल ने कार्यवाई को सराहा*

अभियान के दौरान दुकानदारों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम की कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अतिक्रमण के कारण ग्राहकों को बाजार में आने-जाने में कठिनाइयाँ हो रही थीं जिससे व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। नगर निगम की इस सख़्त कार्रवाई से अब बाजार व्यवस्थित रूप से संचालित होगा और नागरिकों को भी सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा।

*नगर आयुक्त ने कहा*

नगर आयुक्त ने कहा पुनः अवैध कब्ज़ा किया गया तो सम्बंधित व्यक्तियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का लक्ष्य शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ एवं सुगम यातायात वाला बनाना है। व्यापारियों और नागरिकों के सहयोग से ही इस दिशा में स्थायी सफलता प्राप्त की जा सकती है।

Translate »