वाराणसी: विश्व आत्महत्या निवारण सप्ताह 2025 के अवसर पर 11वीं बटालियन एनडीआरएफ, वाराणसी के जवानों के तनाव प्रबंधन हेतु कमांडेंट मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में एक दिवसीय निशुल्क तनाव प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसे संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि आज मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याएं आ रही हैं जिसे मोबाइल के प्रयोग को कम करके नियंत्रित किया जा सकता है अपने उत्तरदायित्व के साथ-साथ अपने शौक को भी पर्याप्त समय प्रदान करने से भी तनाव में कमी आती है। डॉ तिवारी ने आत्महत्या के विचार रखने वाले व्यक्तियों के मानसिक एवं व्यवहारिक लक्षणों पर व्यापक रूप से प्रकाश डालते हुए आत्महत्या निवारण के उपाय पर चर्चा किया तथा कार्यशाला के अंत में रिलैक्सेशन एक्सरसाइज का प्रदर्शन किया गया।

स्वामी विवेकानंद स्मारक राजकीय चिकित्सालय भेलूपुर के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक मनीष पांडेय ने जवानों को जीवन में योग के महत्व को समझाया तथा तनाव प्रबंधन हेतु योग अभ्यास कराया।
एनडीआरएफ 11वीं बटालियन वाराणसी के डिप्टी कमांडेंट राम मनोहर ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिनाइयां सभी के जीवन में आती है धैर्य पूर्वक उसका सामना करने से कठिन समय बीत जाता है व सुखद समय वापस आ जाता है।


