NEW English Version

परम पूज्य आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विश्वोकानंद भारती जी महाराज ब्रह्मलीन, स्वामी अतुलानंद रचना परिषद ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

धर्म, अध्यात्म, वैदिक संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा के संवाहक थे महाराजश्री : राहुल सिंह

स्वामी अतुलानंद रचना परिषद के परम आदरणीय संरक्षक, राजगुरु एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर तथा निर्वाण पीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी विश्वोकानंद भारती जी महाराज कल रात्रि हृदय गति रुक जाने के कारण ब्रह्मलीन हो गए। उनके ब्रह्मलीन होने का समाचार मिलते ही संत समाज, आध्यात्मिक जगत, अनुयायियों एवं स्वामी अतुलानंद रचना परिषद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

महाराजश्री का देहावसान भारतीय सनातन परंपरा, वैदिक संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और गुरु-शिष्य परंपरा के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका संपूर्ण जीवन धर्म, अध्यात्म, शिक्षा, संस्कार और लोककल्याण के कार्यों को समर्पित रहा। वे अपने आध्यात्मिक ज्ञान, तप, साधना, सरल व्यक्तित्व और प्रेरणादायी विचारों के माध्यम से समाज को निरंतर दिशा प्रदान करते रहे।

परम पूज्य स्वामी विश्वोकानंद भारती जी महाराज श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के अंतर्गत निर्वाण पीठ के आचार्य महामंडलेश्वर एवं पीठाधीश्वर के रूप में प्रतिष्ठित थे। उन्हें बीकानेर राजघराने के राजगुरु के रूप में भी विशेष सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त थी। हरिद्वार स्थित सोमेश्वर धाम की स्थापना उनके धार्मिक एवं आध्यात्मिक योगदान का महत्वपूर्ण उदाहरण है। हरिद्वार और बीकानेर स्थित आश्रमों के माध्यम से उन्होंने आध्यात्मिक चेतना, धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया। इसके अतिरिक्त गुजरात और पंजाब में वैदिक शिक्षा पर केंद्रित गुरुकुलों के संचालन एवं संरक्षण से भी उनका गहरा जुड़ाव रहा। धार्मिक समागमों, आध्यात्मिक सम्मेलनों और विभिन्न धार्मिक परंपराओं से जुड़े विमर्शों में उनकी सक्रिय सहभागिता रही।

स्वामी अतुलानंद रचना परिषद परिवार के लिए महाराजश्री का सान्निध्य, मार्गदर्शन और आशीर्वाद सदैव अमूल्य रहा। संस्था के संरक्षक के रूप में उनका जुड़ाव परिषद के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय था। उनके मार्गदर्शन ने संस्था को सांस्कृतिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने की प्रेरणा दी।

संस्था के सचिव श्री राहुल सिंह ने महाराजश्री के ब्रह्मलीन होने पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना केवल एक महान संत का अवसान नहीं, बल्कि आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक जगत की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनका तपस्वी जीवन, विचार, आदर्श और लोककल्याण के प्रति समर्पण सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा।

इस दुःखद अवसर पर स्वामी अतुलानंद रचना परिषद की प्रधानाचार्या, समस्त पदाधिकारियों, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने महाराजश्री के श्रीचरणों में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। संस्था परिवार ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा संत समाज, अनुयायियों, परिजनों और श्रद्धालुओं को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

महाराजश्री भले ही हमारे बीच भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, किंतु उनकी आध्यात्मिक चेतना, तपस्या, विचार और आदर्श सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »