महापौर व नगर आयुक्त की मेहनत लायी रंग

अलीगढ़ महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने नगरीय क्षेत्र में निराश्रित गौवंश की सुरक्षा व  संरक्षित करने की दिशा में पिछले दिनों शासन को लगभग 4 करोड़ 80 लाख की लागत से नगर निगम के नव विस्तारित क्षेत्र ग्राम अजीत पुर आसना, ग्राम भकरोला व ग्राम दौलरा निरपाल में तीन नई गौशाला बनाए जाने का प्रस्ताव प्रेषित किया गया था। 

उत्तर प्रदेश सरकार ने नगर निगम द्वारा निराश्रित गोवंश की सुरक्षा और संरक्षण की दिशा में इस प्रयास और प्रस्ताव की सराहना करते हुए सहज स्वीकृति प्रदान कर दी है। लगभग 4 करोड़ 80 लाख 36 हजार की लागत से आने वाले दिनों में नगर निगम द्वारा अपने नव विस्तारित वार्ड अंतर्गत ग्राम अजीतपुर आसना के गाटा संख्या 119 क्षेत्रफल 0.530 हेक्टेयर चारहगाह, गाटा संख्या-2 क्षेत्रफल 1.313 हेक्टेयर चारागाह, ग्राम भाकरौला में गाटा संख्या 122 क्षेत्रफल 1.0230 हेक्टेयर चारागाह व ग्राम दौलरा निरपाल में गाटा संख्या 131/1/2 क्षेत्रफल 1.187 हेक्टेयर चारहगाह भूमि पर ये गौशाला बनायी जाएगी।

महापौर व नगर आयुक्त की मेहनत लायी रंग

नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में दो गौशालाएं नंदी गौशाला बरौला तथा कान्हा गौशाला आगरा रोड संचालित हैं जिनमें नगरीय क्षेत्र के निराश्रित गौवंशों को संरक्षण प्रदान किया जा रहा है परंतु नगर क्षेत्र के विस्तार व निरंतर बढ़ती संख्या के कारण इन गौशालाओं की क्षमता से अधिक पशुओं की व्यवस्था कठिन हो रही थी। इसको देखते हुए पिछले माह नगर निगम अलीगढ़ द्वारा 03 नई गौशाला के निर्माण हेतु विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कर नगर विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को प्रेषित किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित तीनों गौशालाएं नगर निगम की विस्तारित सीमाओं के अंतर्गत है तीनों स्थलों पर चरागाह भूमि उपलब्ध है, जिसका चयन नियमानुसार किया गया है। प्रत्येक गौशाला के निर्माण पर अनुमानित लागत ₹160.12 लाख है व कुल ₹480.36 लाख की अनुमानित है।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा इन नई गौशालाओं के निर्माण से न केवल निराश्रित गौवंशों को सुरक्षित आश्रय मिलेगा, बल्कि शहर की सड़कों पर विचरण करने वाले पशुओं की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण होगा। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आएगा तथा आमजन को दुर्घटनाओं से भी राहत मिलेगी। महापौर प्रशांत सिंघल ने बताया कि अलीगढ़ में निराश्रित गौवंशों की सुरक्षा एवं देखभाल हेतु नगर निगम अलीगढ़ द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत 03 नई कान्हा गौशालाओं के निर्माण से निश्चित रूप से गोवंश की सुरक्षा मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »