प्राथमिक शिक्षा में नवाचार के लिए चार शिक्षक ‘रामबाई दीक्षित शिक्षा सम्मान’ से सम्मानित

चित्रकूट। प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में शोध, नवाचार और शिक्षण को आनंदमयी बनाने के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों हेतु देश के चार चुनिंदा शिक्षकों को प्रतिष्ठित ‘रामबाई दीक्षित शिक्षा सम्मान’ से विभूषित किया गया है। यह सम्मान समारोह शिक्षा जगत् की प्रख्यात विभूतियों के आतिथ्य में चित्रकूट में सम्पन्न हुआ। सम्मान के संस्थापक वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षक प्रमोद दीक्षित ‘मलय’ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मान उनकी पूजनीया माता श्रीमती रामबाई दीक्षित की स्मृति में वर्ष 2022 में स्थापित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षा और लेखन के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को पहचान दिलाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। यह सम्मान प्रतिवर्ष ‘शिक्षक’ और ‘लेखक’ दो श्रेणियों में प्रदान किया जाता है। वर्ष 2024 और 2025 के लिए विज्ञापन के माध्यम से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं, जिनमें से चयन समिति ने गहन मूल्यांकन के बाद श्रेष्ठ शिक्षकों का चयन किया।

सम्मान के तृतीय संस्करण के अंतर्गत वर्ष 2024 के लिए शिक्षक श्रेणी में सीमा मिश्रा (फतेहपुर) और डॉ. श्रवण कुमार गुप्त (वाराणसी) को तथा वर्ष 2025 के लिए गुंजन भदौरिया (कन्नौज) एवं शंकर कुमार रावत (बलिया) को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मान स्वरूप 1100 रुपये की नकद धनराशि, सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न, शाल, मैडल, श्रीफल और मोती की माला भेंट कर सम्मानित किया गया। लेखन हेतु सम्मान आगामी कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा।

Srividya Sadhana11%
Agra Bazar26%
₹295.00 (₹29.50 / Grams)

यह सम्मान चित्रकूट में आयोजित शैक्षिक संवाद मंच की तीन दिवसीय वार्षिक कार्यशाला में पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय, पाठा के गांधी गोपाल भाई, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मंदसौर के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ० प्रमोद कुमार सेठिया और उत्तराखंड के डॉ. सुरेन्द्र कुमार आर्यन की विशिष्ट उपस्थिति में प्रमोद दीक्षित मलय एवं श्रीमती वंदना दीक्षित ने प्रदान किया। वक्ताओं ने कहा कि सम्मानित शिक्षकों ने अपने विद्यालयों को ‘आनंदघर’ बनाने के लिए जो अनुशासित और सृजनात्मक प्रयास किए हैं, वे अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षाविदों और शिक्षकों ने पुरस्कृत साथियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Translate »