स्नेह, सद्भाव और सुनहरे भविष्य की आश्वस्ति-शुभकामना 2026

वाराणसी : आगामी सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए  पूर्ण सिद्ध सफलता की मंगल कामना हेतु आज विद्यालय के इंद्रधनुष सभागार में ’’शुभकामना – 2026”का भव्य आयोजन हुआ। जिसमें उनके शिक्षकों एवं कक्षा -11वीं के विद्यार्थियों ने उनकी आगामी सफलता एवं शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभता की मंगल कामना की।आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने एकल गीत, समूह गीत, समूह नृत्य तथा लघु नाटक के माध्यम से ऐसा समा बांधा कि सभी विद्यार्थी व उनके अभिभावक भाव विभोर हो उठे। इस वर्ष 60से भी अधिक विद्यार्थियों को विविध क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु स्टार अवार्ड से नवाजा गया तथा गत वर्ष की भाँति 40 विद्यार्थियों को उनकी शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।

संस्था सचिव श्री राहुल सिंह जी ने विद्यार्थियों के लिए अपने  संदेश में  कहा कि जीवन के बढ़ते क्रम में वे सभी भ्रम एवं भटकाव से विचलित ना हो और सावधान रहते हुए संस्कारों के बीज को अपने भीतर समाहित रखे और एक ऐसे वृक्ष की शाखा के रूप में उभरे जिससे मानवता से पोषित समाज की संरचना की जा सके।

संस्था की निदेशिका डॉ वंदना सिंह एवं ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वयं की अभिक्षमता पर विश्वास रखने के लिए कहा तथा परिश्रम के बल पर कार्यसिद्धि हेतु प्रेरित किया , उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम हमें तनावमुक्त रहते हुए सच्ची मानवता का वाहक होना होगा ।संस्था के सह निदेशक श्री आयुष्मान सिंह जी ने कहा कि ये जीवन का आरम्भ है जब आप सभी बाधाओं को पार करते हैं और जो संस्कार आप अपने भीतर समाहित रखते हैं वही आपको जीवन में आगे बढ़ाने में सहायक होते हैं ।

संत अतुलानंद कॅान्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह जी ने विद्यार्थियों द्वारा अपने संस्कारों को  चरित्र में ढ़ाल कर एक आर्दश समाज की परिकल्पना को साकार किये जाने पर भरोसा जताया और कहा कि आपका बाहरी आवरण आपका व्यक्तित्व निर्धारित नहीं करता, अपने आपको तराशते हुए निष्ठा, लगन व संघर्ष का जज़्बा आपको आगे ले जाता है ।

विगत कई वर्षों से विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए यह शुभकामना उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों के रूप में उनके साथ सदैव जीवंत और अंकित रहेगी। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं की छात्राओं – धात्री सिंह, प्रत्यूषा सिंह तथा भूमिका सिंह द्वारा किया गया।

Translate »