NEW English Version

जल्द बारहद्वारी के 32 दुकानदारों को मिलेगीनई दुकानो की सौगात

स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा शहर के यातायात सुधार, व्यावसायिक व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को प्रभावी बनाने के लिए ₹49.89 करोड़ की लागत से पुराने शहर के बारहद्वारी क्षेत्र में शॉपिंग कॉम्पलेक्स एवं मल्टी-लेवल कार पार्किंग परियोजना का निर्माण कराया गया है। इस प्रोजेक्ट में 32 दुकानों के अतिक्रमण एवं उनके शिफ्ट किए जाने को लेकर स्मार्ट सिटी की परियोजना लंबे समय से फायर विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त न होने के कारण क्रियाशील होने में विलंब का सामना कर रही थी।

बीते दिनों इस परियोजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त एवं सीईओ, अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा बैठक कर बारहद्वारी क्षेत्र के दुकानदारों के साथ संवाद स्थापित किया गया।

नगर आयुक्त द्वारा दुकानदारों से निरंतर वार्ता एवं बैठक के परिणामस्वरूप बारहद्वारी के सराय लावरिया की साइड स्थित कुल 32 दुकानदारों द्वारा नगर निगम को लिखित रूप में अपनी दुकानों को खाली करने की सहमति प्रदान की गई है।

इस संबंध में सभी दुकानदारों द्वारा शपथपत्र भी प्रस्तुत किए गए हैं। दुकानदारों द्वारा यह सहमति इस आश्वासन के आधार पर दी गई है कि नगर निगम द्वारा उन्हें वैकल्पिक रूप से आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से युक्त वेंडिंग ज़ोन में दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी।

शुक्रवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने दुकानदारों की सहमति का सम्मान करते हुए अपने वादे के अनुरूप गूलर रोड, वर्कशॉप के सामने वाली सड़क के किनारे 32 नई दुकानों के निर्माण के लिए निरीक्षण किया।

निरीक्षण में नगर आयुक्त ने संपत्ति विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई उक्त भूमि/जगह को बारहद्वारी दुकानदारों के लिए 32 दुकानों के निर्माण हेतु जाम-मुक्त, अतिक्रमण-मुक्त एवं जनसुविधाओं से युक्त पाया।

मौके पर नगर आयुक्त ने नगर निगम के संपत्ति विभाग और निर्माण विभाग को इस भूमि पर बारहद्वारी दुकानदारों के साथ समन्वय और संवाद स्थापित करते हुए तत्काल युद्ध स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से लैस 32 दुकानों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि बारहद्वारी से विस्थापित होने वाले 32 दुकानदारों के लिए गूलर रोड स्थित नगर निगम वर्कशॉप के सामने अतिक्रमण-मुक्त और ट्रैफिक-मुक्त स्थान पर 32 दुकानों के निर्माण के लिए जगह चिन्हित की गई है। दुकानदारों से समन्वय, संवाद और विश्वास के आधार पर जल्द से जल्द सभी 32 दुकानों के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »