अलीगढ़ नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए गूलर रोड स्थित वार्ड-8 में स्वच्छता वार्ड-7 के निये कार्यालय एवं हाजिरी स्थल का शुभारंभ किया गया। लगभग 9 लाख 71 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस कार्यालय का उद्घाटन महापौर प्रशान्त सिंघल एवं नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद राकेश ठाकुर योगेश सिंघल एवं विनोद सहित क्षेत्रीय नागरिक व पार्षदो ने रिकॉर्ड समय में कार्यालय निर्माण पूर्ण कराने पर महापौर एवं नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि नए स्वच्छता वार्ड कार्यालय के निर्माण से क्षेत्रीय नागरिकों को स्वच्छता संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम सेवा भवन तक नहीं जाना पड़ेगा। अब स्थानीय स्तर पर ही स्वच्छता निरीक्षक, पार्षद एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहकर शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यालय में सफाई कर्मचारियों के लिए समुचित हाजिरी स्थल की व्यवस्था की गई है। साथ ही महिला कर्मचारियों के लिए पृथक विश्राम कक्ष एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यालय परिसर में स्वच्छता निरीक्षक के साथ-साथ स्थानीय पार्षद के बैठने की भी व्यवस्था की गई है जिससे जनसमस्याओं के समाधान में बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।
महापौर प्रशान्त सिंघल ने कहा कि नगर निगम लगातार स्वच्छ एवं व्यवस्थित अलीगढ़ के निर्माण हेतु कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा सफाई कर्मचारियों को बेहतर वातावरण एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। वार्ड स्तर पर कार्यालय स्थापित होने से न केवल सफाई व्यवस्था में सुधार आएगा, बल्कि आमजन की शिकायतों का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।
नगर आयुक्त ने कहा आने वाले समय में नगर निगम प्रत्येक वार्ड में आदर्श स्वच्छता कार्यालय/हाज़री स्थल विकसित करने की दिशा में कार्य करेगा।