माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा एवं प्रदेश सरकार की नगरीय विकास संबंधी जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत नगर निगम अलीगढ़ द्वारा विस्तारित वार्ड संख्या-23 स्थित ग्राम अजीतपुर आसना में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से उपवन योजना के अंतर्गत आधुनिक उपवन पार्क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

शनिवार को महापौर प्रशांत सिंघल एवं नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं भूमि पूजन कर इस विस्तारित वार्ड में उपवन पार्क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
पार्क में होंगी ये सुविधाएं
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि उपवन योजना अंतर्गत लगभग 4 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाला यह पार्क आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा जिसमें शहरी वार्डो की जनता के लिए पर्यावरण संरक्षण मनोरंजन स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इस पार्क के निर्माण कार्य को अगले 4 से 65 महीनों में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पार्क परिसर में फॉरेस्ट-टू-फीस्ट थीम आधारित कैफे डिजिटल व्याख्या केंद्र पौधरोपण प्रशिक्षण केंद्र एवं आकर्षक उद्यानिकी व्यवस्था विकसित की जाएगी। पार्क में प्रवेश द्वार पर मूर्ति सहित जलाशय कमल तालाब पत्थर की मूर्ति सहित मछली तालाब बच्चों के खेल क्षेत्र ओपन जिम तथा नागरिकों के बैठने हेतु सुंदर गज़ीबो(विश्राम मंडप) एवं बेंच स्थापित किए जाएंगे। पार्क में कंकरीले पत्थरों का पैदल मार्ग रिफ्लेक्शन पथ परगोला एवं सेवा सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पुरुष महिला एवं दिव्यांगजन हेतु पृथक शौचालयों की व्यवस्था पार्किंग कूड़ादान, कम्पोस्टर सहित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र विद्युत कक्ष/एमडीबी कक्ष एवं प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। पार्क क्षेत्र में व्यापक पौधरोपण किया जाएगा जिसे 17 जोनों में विभाजित कर तीन वर्षों तक रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि पार्क परिसर में प्रशासनिक एवं आगंतुक सेवा भवन टिकट काउंटर गार्ड रूम सीमा दीवार एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण भी प्रस्तावित है। पार्क के सभी भवन ब्लॉकों हेतु फर्नीचर विद्युत एवं प्लंबिंग फिटिंग्स की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि नगर निगम अलीगढ़ विस्तारित वार्डो में नागरिक सुविधाओं व विकास कार्यो को प्रमुखता से कराये जाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व व माननीय महापौर जी के मार्गदर्शन में नगर निगम शहर को स्वच्छ, हरित एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है तथा यह पार्क भविष्य में पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं जनसहभागिता के प्रतीक के रूप में विख्यात होगा।
महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में नगर निगम अलीगढ़ शहर में ग्रीन बेल्ट क्षेत्र बढ़ाने, नागरिकों को बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने एवं बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। नव विस्तारित वार्ड 23 के अजीतपुर आसना में बनने वाला यह पार्क क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद नीलम सिंह संजय शर्मा, पशु कल्याण अधिकारी डॉ राजेश वर्मा, सहायक अभियंता राजवीर जेई अमित कुमार स्टेनो देशदीपक मीडिया सहायक अहसान रब एसएफआई बिशन सिंह आदि मौजूद थे।