NEW English Version

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने ‘आरोग्य सेतु 2.0’ की शुरूआत की: प्रत्‍येक नागरिक के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य ऐप


आरोग्य सेतु 2.0 स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच के लिए एकल, नागरिक-केन्द्रित डिजिटल मार्ग प्रदान करता है।

आरोग्य सेतु 2.0 किसी भी व्यक्ति और परिवार के लिए व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड के रूप में कार्य करेगा, साथ ही आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन सेवाओं के प्रति राष्ट्रीय जागरूकता बढ़ाने और उन्हें अपनाने का मंच बनेगा

सरकार ने कोविड-19 महामारी के दौरान संपर्क निगरानी, जोखिम संबंधी जागरूकता और नागरिक सहभागिता के लिए एक राष्ट्रीय डिजिटल सार्वजनिक सेवा के रूप में आरोग्य सेतु एप्लिकेशन विकसित किया था। महामारी से निपटने के लिए इसकी भूमिका पूरी होने के बाद, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने इस एप्लिकेशन को भारत के डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम में इसके पुनः उपयोग और दीर्घकालिक उपयोग के उद्देश्य से औपचारिक रूप से राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण को हस्तांतरित कर दिया।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) की परिकल्पना के अनुरूप, आरोग्य सेतु को अब पूरी तरह से नया स्वरूप देकर इसे व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड (पीएचआर) तथा नागरिकों के लिए एक डिजिटल स्वास्थ्य एप्लिकेशन के रूप में तैयार किया गया है। नये सिरे से तैयार किए गए आरोग्य सेतु 2.0 का शुभारंभ आज यहाँ केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने किया।

आरोग्य सेतु 2.0 के पीछे की रणनीतिक सोच

एबीडीएम के तहत भारत का डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम उल्लेखनीय रूप से परिपक्व हुआ है। आभा जैसी बुनियादी डिजिटल सुविधाएँ अब बड़े पैमाने पर सफलतापूर्वक चल रही हैं। फिर भी, इन डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने और उनका व्यापक उपयोग सुनिश्चित करने के लिए एक सरल, विश्वसनीय और आसानी से सुलभ प्रवेश मंच की आवश्यकता है।

आरोग्य सेतु 2.0 इसी आवश्यकता को पूरा करते हुए निम्नलिखित रूपों में कार्य करेगा:

  • स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच के लिए एकल, नागरिक-केन्द्रित डिजिटल प्रवेश मार्ग।
  • व्यक्तियों और परिवारों के लिए एक विश्वसनीय व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड।
  • एबीडीएम सेवाओं के प्रति राष्ट्रीय स्तर पर जागरूकता और उन्हें अपनाने के लिए मंच।

लगभग 20 करोड़ डाउनलोड का विशाल उपयोगकर्ता आधार तथा लगातार जुड़ रहे नए उपयोगकर्ताओं के साथ, यह एप्लिकेशन नागरिकों द्वारा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को तेजी से अपनाने, देश के विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल स्वास्थ्य के उपयोग को मुख्यधारा में लाने तथा एबीडीएम को दैनिक स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार प्रक्रियाओं का अभिन्न हिस्सा बनाने का अनोखा अवसर प्रदान करता है।

आरोग्य सेतु 2.0 की प्रमुख विशेषताएँ:

  • एबीडीएम-सक्षम सेवाओं तक पहुँच, जिनमें आभा बनाने, स्वास्थ्य रिकॉर्ड का प्रबंधन तथा स्कैन एंड शेयर के माध्यम से निर्बाध डिजिटल पंजीकरण की सुविधा शामिल है।
    • चिकित्सीय स्वास्थ्य रिकॉर्डों का डिजिटलीकरण अपलोड – कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की सहायता से पीडीएफ या चित्र के रूप में उपलब्ध लैब रिपोर्ट तथा अन्य चिकित्सा रिकॉर्डों को डिजिटाइज किया जाएगा। साथ ही, मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर व्यक्तिगत स्वास्थ्य डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा।
    • एकीकृत महत्‍वपूर्ण संकेतों, व्यक्तिगत रिमाइंडर, स्वास्थ्य लक्ष्यों की निगरानी तथा फिटनेस ट्रैकर या स्मार्टवॉच द्वारा रिकॉर्ड की गई कदमों की गिनती, कैलोरी, हृदय गति और रक्त शर्करा  स्तर की सहज निगरानी एवं प्रबंधन कर सकेंगे।
    • पीएम-जेएवाई वॉलेट : यह सुविधा स्वास्थ्य बीमा कवरेज का स्पष्ट विवरण उपलब्ध कराती है, जिसमें कुल उपलब्ध राशि, उपयोग की गई राशि तथा परिवारवार उपभोग की जानकारी शामिल होती है। इससे पारदर्शिता बढ़ती है, शेष उपलब्ध कवरेज का पता चलता है तथा भविष्य की चिकित्सा आवश्यकताओं की बेहतर योजना बनाने में सहायता मिलती है।
    • सीएपीएफ: इस सुविधा से सीएपीएफ की स्वास्थ्य नीति से संबंधित जानकारी, नीति के अंतर्गत शामिल परिवार के सदस्यों का विवरण तथा प्रतिपूर्ति की राशि प्रदर्शित होगी। 
    • वॉलेट बैलेंस और बीमा दावों सहित निजी बीमा का विवरण।
    • गंभीर चिकित्सा सेवाओं और एम्बुलेंस बुकिंग की सुविधा के लिए निकटवर्ती स्वास्थ्य सुविधाओं की खोज तथा ई-रक्तकोष के माध्यम से रक्त इकाइयों की वास्तविक समय में उपलब्धता की जानकारी।
    • स्कैन एंड शेयर कार्यात्मकता: इस सुविधा के माध्यम से उपयोगकर्ता ऐप से ही प्रोफ़ाइल साझा करना, भुगतान तथा स्वास्थ्य रिकॉर्ड साझा करने जैसी सेवाएँ आसानी से कर सकेंगे।
    • परिवार प्रबंधन: इस सुविधा के माध्यम से उपयोगकर्ता माता-पिता, जीवनसाथी और बच्चों सहित परिवार के सदस्यों की प्रोफ़ाइल को एक ही खाते के अंतर्गत जोड़ और प्रबंधित कर सकेंगे, जिससे प्रत्येक सदस्य के लिए अलग-अलग लॉगिन की आवश्यकता नहीं रहेगी।
  • दवा लेने की याद दिलाने वाला संदेश: यह सुविधा उपयोगकर्ताओं को डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवा लेने के समय और कार्यक्रम का पालन करने में सहायता करती है। दवाएं डॉक्टर द्वारा लिखी गई पर्ची या मैन्युअल रूप से जोड़ी जा सकती हैं तथा समय, आवृत्ति और खुराक के अनुसार रिमाइंडर सेट किए जा सकते हैं।
  • निकटवर्ती स्वास्थ्य सेवाएँ: इस सुविधा के माध्यम से उपयोगकर्ता जीपीएस की सहायता से अपने आसपास के अस्पतालों, क्लीनिकों, डायग्नोस्टिक केन्द्रों और डॉक्टरों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 5 से 50 किलोमीटर की दूरी पर आवश्यक जानकारी की खोज की जा सकती है।
  • पीएम-जेएवाई पैनल में शामिल अस्पतालों की खोज: यह सुविधा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़ी है और उपयोगकर्ताओं को कैशलेस उपचार प्रदान करने वाले सूचीबद्ध अस्पतालों की खोज करने की सुविधा देती है। उपयोगकर्ता राज्य, जिला, विशेषज्ञता, पिन कोड या स्वास्थ्य संस्थान का नाम खोज सकते हैं, जिससे अधिकृत अस्पतालों का पता लगाना तथा निःशुल्क या रियायती स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाना आसान हो जाता है।
  • माय कंसेंट : यह सुविधा उपयोगकर्ताओं को अपने स्वास्थ्य संबंधी डेटा को साझा करने की अनुमति पर पूर्ण नियंत्रण प्रदान कर डेटा गोपनीयता सुनिश्चित करती है। उपयोगकर्ता अनुरोध किए गए, स्वीकृत, लंबित, अस्वीकृत तथा समाप्त अनुमतियों की स्थिति देख और प्रबंधित कर सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी केवल उपयोगकर्ता की अनुमति से ही साझा की जाए, जो भारत के डिजिटल स्वास्थ्य गोपनीयता ढाँचे के अनुरूप है। साभार : पीआईबी
Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »