डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय में ‘स्थायी सतत विकास की खोज में’ विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित
वाराणसी । डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय, सोयेपुर, वाराणसी के वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय तथा भूगोल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्थायी सतत विकास की खोज में’ विषय पर एक महत्वपूर्ण अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू), वाराणसी के खनन अभियंत्रण विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित शिक्षाविद् प्रो. एन. सी. कर्माकर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सतत विकास की अवधारणा, पर्यावरणीय चुनौतियों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
अपने विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान में प्रो. एन. सी. कर्माकर ने कहा कि वर्तमान समय में सतत विकास केवल एक अकादमिक विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव सभ्यता के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रश्न है। विकास की वास्तविक अवधारणा को केवल आर्थिक समृद्धि, औद्योगिक विस्तार और भौतिक संसाधनों की वृद्धि तक सीमित नहीं किया जा सकता। इसके लिए पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना, प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को विकास की प्रक्रिया में शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति इस प्रकार करनी चाहिए कि भविष्य की पीढ़ियों की आवश्यकताओं और उनके अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

प्रो. कर्माकर ने प्राकृतिक संसाधनों के अनियंत्रित दोहन, पर्यावरण प्रदूषण, पारिस्थितिक असंतुलन तथा विकास की बदलती चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल व्यवहार को अपनाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक श्री नागेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में सतत विकास की अवधारणा अत्यंत प्रासंगिक हो गई है। जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों का निरंतर क्षरण और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियां संपूर्ण विश्व के सामने गंभीर प्रश्न खड़े कर रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को इन विषयों के प्रति जागरूक बनाना शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार, दूरदर्शी और वैज्ञानिक सोच के माध्यम से ही विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित किया जा सकता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद सिंह ने मुख्य वक्ता प्रो. एन. सी. कर्माकर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिष्ठित शिक्षाविदों एवं विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान विद्यार्थियों के ज्ञान और अनुभव के दायरे को व्यापक बनाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, शोधपरक दृष्टिकोण तथा समसामयिक विषयों के प्रति गंभीर समझ विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के शैक्षणिक एवं बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री गौरव केवले ने किया। मुख्य वक्ता प्रो. एन. सी. कर्माकर का परिचय डॉ. रण विजय राय ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से धीरज सिंह ने मुख्य वक्ता का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. संदीप राय, डॉ. विनीत सिंह, डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. अरविंद चौबे, आशीष गुप्ता, सुश्री शिवांगी सिंह, सुश्री खुशबू सिंह, वेद प्रकाश दुबे, अंकुश मिश्रा, देवेन्द्र गुप्ता, डॉ. स्मृति सिंह एवं डॉ. रोशनी सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की और विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस ज्ञानवर्धक आयोजन ने विद्यार्थियों को सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी भूमिका और दायित्वों को समझने की प्रेरणा दी। एवीके न्यूज सर्विस