NEW English Version

जो पर्व हमारी स्मृति से मिट रहे हैं, उन्हें कौन बचाएगा?

दूसरों की संस्कृति का सम्मान हो, मगर अपनी माटी के विलुप्त होते पर्वों को भी उत्सव का मंच मिल

छत्तीसगढ़ की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमा से नहीं होती। इसकी वास्तविक पहचान उसकी माटी, लोकभाषा, लोकगीत, लोककथाओं, लोकनृत्यों, लोककलाओं और पीढ़ियों से चली आ रही पर्व-परंपराओं में बसती है। यही कारण है कि छत्तीसगढ़ में देश के दूसरे राज्यों की संस्कृति और पर्व-त्योहारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन अपनी धरती की संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को उससे कहीं अधिक प्राथमिकता मिलनी चाहिए। प्रश्न यह नहीं है कि हम कितने पर्व मनाते हैं। असली प्रश्न यह है कि हम अपने कितने पारंपरिक पर्वों का मूल स्वरूप जानते हैं?

आज हरेली, तीजा, पोला, भोजली, गौरा-गौरी, कर्मा और छेरछेरा जैसे पर्व अपेक्षाकृत व्यापक पहचान रखते हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा का संसार इससे कहीं अधिक विशाल है। जेठौनी, मातर, छेरता, धेरसा, मेघनाथ, आमाखाई, सुरहोती और दियारी जैसे अनेक पर्व और उनसे जुड़ी परंपराएं आज सीमित क्षेत्रों, विशेष समुदायों अथवा बुजुर्गों की स्मृतियों तक सिमटती जा रही हैं। उपलब्ध सांस्कृतिक स्रोतों में इन पर्वों का उल्लेख मिलता है, जिससे स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति केवल कुछ प्रसिद्ध पर्वों तक सीमित नहीं रही है।

मसलन, छेरछेरा पुन्नी केवल घर-घर जाकर धान मांगने का पर्व नहीं है। यह नई फसल, अन्नदान और सामाजिक समरसता से जुड़ी परंपरा है। पौष पूर्णिमा पर मनाए जाने वाले इस पर्व में बच्चे घर-घर जाकर अन्न मांगते थे और सामुदायिक जीवन में दान की भावना को जीवित रखते थे। इसी तरह भोजली केवल मिट्टी में अंकुर उगाकर विसर्जन करने की परंपरा नहीं है। इसमें कृषि, जल, प्रकृति, स्त्री-लोकजीवन और मित्रता इन सबका सुंदर समन्वय दिखाई देता है। भोजली में विभिन्न बीजों का अंकुरण और उसके बाद विसर्जन तथा ‘मितान’ बनाने की परंपरा छत्तीसगढ़ी लोकजीवन की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान रही है। गौरा-गौरी में शिव-पार्वती के विवाह की लोककल्पना है तो मातर में राउत/यादव समुदाय की विशिष्ट परंपरा दिखाई देती है। जनजातीय अंचलों में छेरता, धेरसा, आमाखाई और मेघनाथ जैसे पर्व भी कृषि, ऋतु, प्रकृति और सामुदायिक जीवन से जुड़े रहे हैं।

यही हमारी चिंता का विषय है। जब किसी पर्व का आयोजन केवल इसलिए बंद हो जाता है कि उसे मनाने वाली पीढ़ी कम होती जा रही है, तब उसके साथ केवल एक त्योहार समाप्त नहीं होता- उसके साथ एक लोकगीत, एक बोली, एक कथा, एक पारंपरिक व्यंजन, एक पूजा-पद्धति, एक सामाजिक संबंध और जीवन को देखने का एक पूरा लोकदर्शन भी धीरे-धीरे समाप्त होने लगता है। इसलिए अब आवश्यकता केवल बड़े-बड़े सांस्कृतिक समारोह करने की नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक स्मृति का दस्तावेजीकरण करने की है।

सरकार प्रत्येक जिले में ऐसे पर्वों की सूची तैयार कराए जो आज भी जीवित हैं, जो सीमित क्षेत्रों में मनाए जाते हैं और जो लगभग विस्मृति की ओर बढ़ चुके हैं। विश्वविद्यालयों, लोककला संस्थानों, साहित्यकारों, इतिहासकारों और स्थानीय बुजुर्गों की मदद से इनके इतिहास, लोकमान्यता, गीत, वाद्य, नृत्य, पूजा-विधि, पारंपरिक भोजन और सामाजिक महत्व का दस्तावेज तैयार किया जाना चाहिए।

विद्यालयों में ‘अपना लोकपर्व जानो’ अभियान चल सकता है। प्रत्येक विद्यालय किसी एक स्थानीय पर्व को अपनाकर उसके बारे में बच्चों को जानकारी दे सकता है।आकाशवाणी, दूरदर्शन, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से इन पर्वों की कहानियां और लोकगीत नई पीढ़ी तक पहुंचाए जा सकते हैं। सरकार चाहे तो प्रत्येक जिले में वर्ष में एक बार ‘विस्मृत लोकपर्व महोत्सव’ आयोजित कर सकती है, जहां उन पर्वों को फिर से जीवंत किया जाए जिन्हें आज बहुत कम लोग जानते हैं। यह आयोजन केवल मंचीय नृत्य तक सीमित न हो, बल्कि संबंधित गांवों और समुदायों के वास्तविक पारंपरिक स्वरूप में हो।और सबसे महत्वपूर्ण बात,स्थानीय कलाकारों, लोकगायकों, पारंपरिक वाद्य बजाने वालों, मिट्टी के खिलौने बनाने वाले कुम्हारों, लोककथाकारों और उन बुजुर्गों को सम्मान मिले जिन्होंने इन परंपराओं को अपनी स्मृति में आज तक बचाकर रखा है।

छत्तीसगढ़ में बाहर से आने वाली प्रत्येक संस्कृति का स्वागत होना चाहिए। भारत की यही खूबसूरती है। लेकिन अपने घर की चौखट पर खड़े होकर यदि हम अपनी ही माटी की आवाज नहीं सुनेंगे तो एक दिन हमारे बच्चे पूछेंगे – “हमारी संस्कृति क्या थी?” उस दिन हमारे पास किताबें तो होंगी, लेकिन शायद उसे जीवित रूप में दिखाने वाले लोग नहीं होंगे।

इसलिए समय आ गया है कि छत्तीसगढ़ अपने लोकपर्वों को केवल छुट्टी का विषय न बनाए, बल्कि उन्हें सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और नई पीढ़ी की पहचान से जोड़ने की नीति बनाए। क्योंकि संस्कृति संग्रहालय में रखी कोई निर्जीव वस्तु नहीं है। संस्कृति तब तक जीवित है, जब तक उसे अगली पीढ़ी जीती है। और यदि आज हमने अपनी लोकपरंपराओं को बचाने का प्रयास नहीं किया, तो आने वाली पीढ़ी के सामने छत्तीसगढ़ की संस्कृति का एक सुंदर चित्र तो होगा, लेकिन उस चित्र में जीवन के रंग शायद नहीं होंगे।

लोकधुनें मौन हुईं तो माटी कैसे गाएगी,
भूली हुई परंपरा फिर कौन हमें बताएगी?
दुनिया की हर संस्कृति का सम्मान बसा रहेगा
पर अपनी जड़ों को कौन बचाएगा..
हम – आप नहीं… तो कौन बचाएगा?।।

सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, एवीके न्यूज सर्विस
सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’
वरिष्ठ पत्रकार / साहित्यकार / अधिवक्ता, एवीके न्यूज सर्विस
Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »