सोशल मीडिया रील्स का बढ़ता नशा: कारण, दुष्प्रभाव और समाधान
बीते कुछ वर्षों में हमारे जीवन में सोशल मीडिया का दखल जिस रफ्तार से बढ़ा है, उसकी शायद ही किसी ने कल्पना की थी। पहले लोग लंबे वीडियो या ब्लॉग पढ़ना पसंद करते थे, लेकिन अब मनोरंजन की पूरी परिभाषा बदल चुकी है। इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक जैसे मंचों पर 15 से 60 सेकंड के छोटे वीडियो—जिन्हें हम ‘रील्स’ या ‘शॉर्ट्स’ के नाम से जानते हैं—आज हर उम्र के लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गए हैं। देखने में ये छोटे-से वीडियो बड़े मासूम और मनोरंजक लगते हैं, लेकिन धीरे-धीरे ये कब एक गंभीर मानसिक लत का रूप ले लेते हैं, व्यक्ति को इसका एहसास तक नहीं होता।

वरिष्ठ परामर्शदाता
एआरटी सेंटर, एस एस हॉस्पिटल आईएमएस, बीएचयू, वाराणसी
आंकड़े भी इस बदलती तस्वीर की गंभीरता को बयां करते हैं। भारत में एक सामान्य स्मार्टफोन उपयोगकर्ता आज औसतन प्रतिदिन 2 घंटे 32 मिनट से लेकर 3 घंटे 30 मिनट तक का समय सिर्फ रील्स देखने में व्यतीत कर रहा है। वर्ष 2025 तक देश में इंस्टाग्राम उपयोगकर्ताओं का आंकड़ा लगभग 48 करोड़ के पार जा चुका है। मेटा की एक रिपोर्ट बताती है कि भारत में करीब 97 प्रतिशत लोग रोजाना किसी न किसी प्लेटफॉर्म पर रील्स जरूर देखते हैं। इसमें युवाओं और महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से अधिक है—लगभग 89 प्रतिशत जेन-जी (Gen-Z) और लगभग 85 प्रतिशत महिलाएं नियमित रूप से छोटे वीडियो देखती हैं। वहीं, ओरमेक्स (Ormax) की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के लगभग 66.49 करोड़ ऑनलाइन वीडियो दर्शक मिलकर रोजाना लगभग 141 करोड़ घंटे इन वीडियो और रील्स पर खर्च कर रहे हैं। यह आंकड़ा केवल मनोरंजन का नहीं, बल्कि हमारे समय और मानसिक ऊर्जा के बड़े नुकसान का संकेत है।
आखिर रील्स देखने की लत लगती कैसे है?
किसी भी व्यक्ति को पहले ही दिन इस चीज़ की लत नहीं लगती। यह एक धीमी प्रक्रिया है, जिसके पीछे कई मनोवैज्ञानिक और तकनीकी कारण काम करते हैं:
समय का लचीलापन और ‘बस दो मिनट’ का भ्रम: ज्यादातर लोग यही सोचकर फोन उठाते हैं कि वे बस दो या पांच मिनट के लिए कुछ हल्का-फुल्का देखेंगे। लेकिन हर 30 सेकंड में बदलता नया कंटेंट और उसका आकर्षण व्यक्ति को बांध लेता है। कब वे दो मिनट दो घंटों में बदल जाते हैं, पता ही नहीं चलता। यही अनियंत्रित समय धीरे-धीरे आदत और फिर लत में तब्दील हो जाता है।
कुछ छूट जाने का भय (FOMO): आज के डिजिटल दौर में हर कोई अपडेट रहना चाहता है। कई बार लोग सिर्फ इसलिए रील्स स्क्रॉल करते रहते हैं कि कहीं वे किसी नए ट्रेंड, वायरल चैलेंज या चर्चित वीडियो से अनजान न रह जाएं। दोस्तों के बीच पिछड़ जाने का यह डर मन पर एक अदृश्य दबाव बनाता है।
नवीनता की निरंतर तलाश: मानवीय मस्तिष्क की यह स्वाभाविक प्रवृत्ति है कि वह हमेशा कुछ नया और अलग देखना चाहता है। असल जीवन में नयापन पाने के लिए मेहनत करनी पड़ती है, लेकिन रील्स में केवल अंगूठे के एक इशारे पर बिना किसी प्रयास के हर पल नया कंटेंट मिल जाता है। दिमाग को यह आसान रास्ता बहुत पसंद आता है।

डोपामाइन का असंतुलन: मनोविज्ञान की भाषा में समझें तो हर नई रील के साथ मन में यह उम्मीद जागती है कि शायद अगली वीडियो और ज्यादा मजेदार होगी। इस उम्मीद और तुरंत मिलने वाले मनोरंजन से मस्तिष्क में ‘डोपामाइन’ नामक रसायन का स्राव तेजी से बढ़ता है। इससे पल भर के लिए अच्छा महसूस होता है, लेकिन इसका असर खत्म होते ही दिमाग फिर से वही अहसास मांगता है, जिससे स्क्रॉलिंग रुकती ही नहीं।
तनाव और बोरियत से भागने का जरिया: जब कोई व्यक्ति थका हुआ हो, बोर हो रहा हो या किसी मानसिक उलझन से गुजर रहा हो, तो वह अपनी असहज भावनाओं से ध्यान हटाने के लिए मोबाइल का सहारा लेता है। शुरुआत में यह दिमाग को हल्का करने का तरीका लगता है, पर धीरे-धीरे व्यक्ति हर छोटे तनाव में स्क्रीन की शरण में जाने लगता है।
एल्गोरिदम का मायाजाल: सोशल मीडिया ऐप्स को इस तरह तैयार किया गया है कि वे आपकी पसंद, नापसंद और पिछली गतिविधियों को बारीकी से समझ लेते हैं। इसके बाद वे लगातार वैसी ही रील्स आपके सामने परोसते हैं, जिन्हें आप देखना चाहते हैं। इस वजह से व्यक्ति बिना रुके घंटों स्क्रीन से चिपका रहता है।
मोबाइल की सुलभता और सस्ता डेटा: आज हर हाथ में स्मार्टफोन है—बड़ों के साथ-साथ छोटे बच्चों को भी बहलाने के लिए फोन थमा दिया जाता है। ऊपर से भारत में इंटरनेट डेटा बेहद सस्ता है। अधिकांश लोगों के पास असीमित या पर्याप्त दैनिक डेटा वाले प्लान हैं। जब डेटा खत्म होने की कोई चिंता ही नहीं रहती, तो व्यक्ति बेरोकटोक रील्स देखता रहता है।
मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव
लगातार छोटे वीडियो देखने की यह आदत हमारे दिमाग की कार्यप्रणाली और भावनात्मक संतुलन को भीतर से खोखला कर रही है। इसके कई गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं:
बढ़ता तनाव और चिंता: सोशल मीडिया पर केवल मनोरंजन नहीं होता, बल्कि वहां तमाम नकारात्मक, उत्तेजक और भ्रामक वीडियो भी चलते रहते हैं। इन्हें लगातार देखने से शरीर में कोर्टिसोल (स्ट्रेस हार्मोन) का स्तर बढ़ने लगता है। नतीजतन, व्यक्ति अकारण ही तनाव, बेचैनी, चिंता और आगे चलकर अवसाद का शिकार होने लगता है।
- एकाग्रता में भारी कमी: रील्स की अवधि बहुत छोटी होती है और दृश्य तेजी से बदलते हैं। इसके आदी हो जाने पर मस्तिष्क की गहराई से सोचने, धैर्य रखने और किसी एक काम या पढ़ाई पर लंबे समय तक ध्यान केंद्रित करने की क्षमता कमजोर पड़ने लगती है।
- नींद की गुणवत्ता का बिगड़ना: रात में सोने से ठीक पहले मोबाइल की तेज रोशनी और उत्तेजक वीडियो देखने से शरीर में नींद लाने वाले हार्मोन ‘मेलाटोनिन’ का स्राव घट जाता है। इससे देर रात तक नींद नहीं आती और सुबह उठने पर शरीर में ताजगी के बजाय भारी थकान महसूस होती है।
- तुलना की भावना और हीनता: रील्स पर अक्सर लोग अपने जीवन का केवल चमकदार और दिखावटी पहलू ही दिखाते हैं। दूसरों की इस बनावटी खुशहाली को देखकर आम व्यक्ति अनजाने में अपनी जिंदगी की तुलना करने लगता है। इससे मन में हीन भावना पनपती है, आत्मसम्मान गिरता है और एक अजीब-सा खालीपन घर कर जाता है।
- सिरदर्द और मानसिक थकान: घंटों तक छोटी स्क्रीन पर नजरें गड़ाए रखने और लगातार बदलते दृश्यों को प्रोसेस करने से दिमाग बुरी तरह थक जाता है। इसके कारण आंखों में जलन, मानसिक थकान और बार-बार सिरदर्द होने की शिकायतें तेजी से बढ़ी हैं।
- बढ़ता अकेलापन: यह विडंबना ही है कि दुनिया से जुड़े रहने के नाम पर व्यक्ति अपने ही घर में अकेला पड़ जाता है। फोन में डूबे रहने से परिवार और दोस्तों के साथ संवाद कम होने लगता है। धीरे-धीरे सामाजिक दूरी बनती है और व्यक्ति गहरे अकेलेपन व मानसिक तनाव से घिर जाता है।
बिगड़ती दिनचर्या का चक्र
रील्स की लत केवल मन को ही नहीं, बल्कि हमारे पूरे दिन के अनुशासन को भी बिगाड़ देती है। आज बहुत से लोगों की सुबह ही मोबाइल की स्क्रीन से होती है। आंख खुलते ही रील्स देखने से सुबह की प्राकृतिक ताजगी नष्ट हो जाती है और दिन के जरूरी काम पीछे छूटने लगते हैं। इसी तरह, काम या पढ़ाई के बीच जब लोग थोड़ा आराम करने के लिए ‘ब्रेक’ लेते हैं, तो वे दिमाग को शांत करने के बजाय रील्स देखने लगते हैं। वास्तव में यह कोई विश्राम नहीं है; उल्टा इससे मस्तिष्क और ज्यादा उत्तेजित हो जाता है और ब्रेक का असली उद्देश्य ही खत्म हो जाता है। रात में सोने से पहले स्क्रीन पर समय बिताना तो अब लगभग हर घर की समस्या बन चुकी है, जो मन को शांत करने के बजाय और अधिक विचलित कर देती है।
इस लत से बचाव के व्यावहारिक उपाय
अच्छी बात यह है कि थोड़ी-सी जागरूकता और अनुशासन के जरिए इस लत पर काबू पाया जा सकता है। इसके लिए कुछ ठोस कदम उठाने बेहद जरूरी हैं:
- स्क्रीन टाइम की सीमा तय करें: अपने स्मार्टफोन में मौजूद ‘ऐप टाइमर’ या ‘स्क्रीन टाइम’ फीचर का इस्तेमाल करें। रील्स देखने के समय को धीरे-धीरे कम करते हुए रोजाना अधिकतम 15 से 30 मिनट तक सीमित करने का लक्ष्य रखें।
- स्क्रॉलिंग को धीरे-धीरे घटाएं: किसी भी गहरी आदत को एक ही दिन में पूरी तरह छोड़ना कठिन होता है। यदि आप रोजाना चार घंटे रील्स देखते हैं, तो पहले उसे दो घंटे पर लाएं, फिर एक घंटे पर और धीरे-धीरे कम करते जाएं।
- सोने से पहले मोबाइल से दूरी: रात को बिस्तर पर जाने से कम से कम एक घंटा पहले फोन का उपयोग पूरी तरह बंद कर दें। मोबाइल को बिस्तर से दूर रखें और सोने से पहले कोई अच्छी किताब पढ़ने की आदत डालें।
- घर में ‘मोबाइल स्टेशन’ बनाएं: परिवार के स्तर पर यह एक बेहद कारगर उपाय है। घर के किसी एक कोने में मोबाइल स्टेशन तय कर दें। रात को एक निश्चित समय पर घर के किसी वरिष्ठ सदस्य की देखरेख में सभी लोग अपने फोन वहां रख दें और सुबह तय समय पर ही लें। इससे रात में रील्स देखने की प्रवृत्ति अपने आप खत्म हो जाएगी।
- सप्ताह में एक दिन ‘मोबाइल व्रत’: हफ्ते में कम से कम एक दिन ऐसा तय करें जब आप सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर रहेंगे। उस दिन फोन का इस्तेमाल केवल जरूरी बातचीत के लिए ही करें, स्क्रीन स्क्रॉल करने के लिए बिल्कुल नहीं।
- डेटा और वाई-फाई पर नियंत्रण: घर के हर सदस्य के फोन में अलग से इंटरनेट डेटा रिचार्ज कराने के बजाय, केवल घर के मुखिया के मोबाइल में डेटा रिचार्ज कराएं और जरूरत के समय वाई-फाई के जरिए बाकी लोगों को इंटरनेट दें। एक निश्चित समय के बाद इंटरनेट बंद कर दें। इससे अनावश्यक स्क्रॉलिंग पर स्वतः लगाम लगेगी।
- नोटिफिकेशन बंद रखें: इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया ऐप्स के नोटिफिकेशन पूरी तरह बंद कर दें। बार-बार बजने वाली घंटी और स्क्रीन पर आने वाले संदेश ही हमें फोन उठाने के लिए उकसाते हैं।
- स्क्रीन को ‘बोरिंग’ बनाएं: अपने फोन की डिस्प्ले सेटिंग में जाकर स्क्रीन को ‘ग्रे-स्केल’ (ब्लैक एंड व्हाइट) मोड पर कर दें। जब रंगीन और चमकदार वीडियो बेरंग दिखने लगेंगे, तो उनके प्रति दिमाग का आकर्षण काफी हद तक कम हो जाएगा।
- रचनात्मक आदतें अपनाएं: खाली समय में फोन उठाने के बजाय टहलने जाएं, संगीत सुनें, चित्रकारी करें, बागवानी करें या कोई खेल खेलें। परिवार और दोस्तों के साथ बैठकर बातें करना तथा सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना मन को वास्तविक खुशी देता है।
- ध्यान और प्राणायाम का सहारा: अपने मन और इंद्रियों पर नियंत्रण पाने के लिए नियमित रूप से योग, ध्यान (मेडिटेशन) और विशेष रूप से ‘भ्रामरी प्राणायाम’ का अभ्यास करें। इससे मानसिक शांति मिलती है और एकाग्रता लौटती है।
- विशेषज्ञ की सलाह लेने में न हिचकें: यदि आपको लगे कि रील्स की लत इतनी बढ़ चुकी है कि आपका दैनिक जीवन, कामकाज या मानसिक स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और तमाम कोशिशों के बाद भी आप इसे छोड़ नहीं पा रहे हैं, तो बिना संकोच किसी मनोचिकित्सक या मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता से संपर्क करें।
अंत में यही कहा जा सकता है कि रील्स देखने की इस लत के प्रति हम सभी को शुरुआत से ही सचेत रहना होगा। विशेष रूप से घर के बड़ों को बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देने की जरूरत है। जैसे ही बच्चे रील्स देखना शुरू करें, उन्हें डांटने या जबरदस्ती करने के बजाय प्रेम, सहानुभूति और तार्किक ढंग से इसके दुष्परिणामों के बारे में समझाएं। सही समय पर दिया गया मार्गदर्शन बच्चों को इस जाल से आसानी से बाहर निकाल सकता है, क्योंकि कोई भी लत जितनी पुरानी होती जाती है, उससे छुटकारा पाना उतना ही कठिन हो जाता है।
