शरद गगन में पूर्ण चंद्र
जब बरसाता है अमृत।
कार्तिक पूनम के शुभ दिन
हो जाता है जगत ज्योतित।
इसी पुण्य तिथि को जन्मे थे
गुरु नानक देव जी महान।
तिमिर भरे इस भूतल पर
हुए वे दिव्य ज्ञान की खान।
“इक ओंकार”का नाद सुनाकर
भटके मनों को राह दिखाई।
ऊँच नीच का भेद मिटाकर
समता की धारा सरसाई।
किरत करो और वंड छको का
पावन मंत्र जगत को देकर।
सत्य, प्रेम और करुणा की
अमिट ज्योति वे आए लेकर।
नदियों के निर्मल तट पर जब
दीपमालिका सजती है।
गुरुवाणी की अमृत वर्षा
अंतर का तम हरती है।
अहंकार और दर्प को तजकर
सेवा का दीप जलाएं हम।
प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर
नानक पथ अपनाएं हम !!!
