NEW English Version

स्वयं ने युनिवर्सल स्तर पर सुगम्यता बढ़ाने और समावेशी बुनियादी ढाँचे को बढ़ावा देने के लिए भारतीय नौसेना के आईएनएस हमला के साथ की साझेदारी

यह साझेदारी सुगम्यता ऑडिट, बुनियादी ढाँचे में सुधार और तीनों सेनाओं के कर्मियों को संवेदनशील बनाने पर ध्यान केंद्रित करेगी

मुंबई : सुगम्यता के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था स्वयं ने मुंबई स्थित भारतीय नौसेना के प्रमुख लॉजिस्टिक्स प्रशिक्षण संस्थान आईएनएस हमला के साथ एमओयू साइन किया है। यह कदम संस्थागत बुनियादी ढाँचे, प्रशिक्षण और सेवा वितरण में सुगम्यता और समावेशिता को शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। राष्ट्र-निर्माण के प्रति साझा प्रतिबद्धता और सुगम्य भारत के दृष्टिकोण से प्रेरित यह साझेदारी, भारतीय नौसेना के नेतृत्व और बाधा-मुक्त वातावरण बनाने में स्वयं की विशेषज्ञता को एक साथ लाती है। इस साझेदारी का उद्देश्य सुगम्यता को मजबूत बनाना, गरिमा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना तथा दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं आवाजाही में चुनौतियों का सामना करने वाले अन्य लोगों की जरूरतों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाना है।

इस साझेदारी के तहत, स्वयं आपसी सहमति से चुनी गई सुविधाओं का ऑडिट करेगा। इनमें शैक्षणिक संस्थान, प्रशिक्षण कक्ष, खेल और मनोरंजन परिसर, भोजन और आतिथ्य स्थल, आवास, स्वच्छता सुविधाएँ और आम उपयोग की अन्य सुविधाएँ शामिल हैं। मूल्यांकन में प्रवेश द्वार, रैंप, सीढ़ियाँ, हैंडरेल, गलियारे, पैदल मार्ग, पार्किंग और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट, साइनेज (संकेत), पीने के पानी की व्यवस्था और सुलभ शौचालय शामिल होंगे। सुरक्षित और स्वतंत्र आवाजाही में आने वाली बाधाओं की पहचान करने के लिए आपातकालीन निकासी व्यवस्था और सहायता प्रावधानों की भी समीक्षा की जाएगी।

इसके बाद, स्वयं एक रिपोर्ट सौंपेगा जिसमें मौजूदा सुविधाओं, सुगम्यता की खामियों और सुधार के लिए सुझावों का विवरण होगा। इन सुझावों को अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक उपायों के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा। स्वयं की तकनीकी टीम, संबंधित इंजीनियरिंग, रखरखाव और अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर काम करेगी ताकि निष्कर्षों को स्पष्ट किया जा सके, प्रस्तावित समाधानों की समीक्षा की जा सके और चुने गए उपायों पर सलाह दी जा सके। आपसी सहमति से, किए गए सुधारों का बाद में फिर से मूल्यांकन भी किया जा सकता है। इससे आईएनएस हमला को अपनी परिचालन आवश्यकताओं, तकनीकी व्यवहार्यता और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर बदलावों को प्राथमिकता देने में मदद मिलेगी।

इस साझेदारी के महत्व पर बात करते हुए, स्वयं की संस्थापक-अध्यक्ष स्मिनु जिंदल ने कहा, “मेरा हमेशा से मानना रहा है कि प्रगति का असली पैमाना यह है कि हम उन लोगों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं, जिनकी जरूरतों को अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है। मेरे लिए, सुगम्यता का मूल अर्थ है- गरिमा, आत्मनिर्भरता और दूसरों पर निर्भर हुए बिना रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल होने की आजादी। भारतीय नौसेना के साथ हमारा जुड़ाव विशेष महत्व रखता है, क्योंकि जो संस्थान खुद उदाहरण पेश करते हैं, उनमें अपने आसपास के दायरे से कहीं आगे तक लोगों की सोच को प्रभावित करने की क्षमता होती है। मुझे उम्मीद है कि यह साझेदारी अन्य संगठनों को भी प्रेरित करेगी कि वे देखें कि उनके फैसले लोगों पर क्या असर डालते हैं, पुरानी मान्यताओं पर सवाल उठाएं और यह समझें कि समान अवसर पैदा करना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।”

इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) में भारतीय नौसेना, भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना के कर्मियों और प्रशिक्षुओं तथा अन्य संबंधित हितधारकों के लिए संवेदीकरण् और क्षमता-निर्माण कार्यक्रमों का भी प्रावधान है। चूँकि, आईएनएस हमला तीनों सेनाओं के अधिकारियों के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करता है, इसलिए ये कार्यक्रम सशस्त्र बलों के भीतर जागरूकता और समावेशी तौर-तरीकों को बढ़ावा देने में मदद करेंगे। इंटरैक्टिव चर्चाओं, प्रदर्शनों, सिमुलेशन और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से, प्रतिभागी दिव्यांगों के साथ शिष्टाचार, सम्मानजनक बातचीत, व्हीलचेयर या अन्य सहायक उपकरणों का उपयोग करने वालों की मदद करने, और आपातकालीन सहायता देने के बारे में सीखेंगे। इन सत्रों में दिव्यांग व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अस्थायी चोटों वाले लोगों की जरूरतों पर ध्यान दिया जाएगा। इसमें इस बात पर जोर दिया जाएगा कि व्यक्ति की गरिमा और आत्मनिर्भरता का सम्मान करते हुए उन्हें उचित सहायता कैसे प्रदान की जाए।

जहाँ भी प्रासंगिक हो, वहां हॉस्पिटैलिटी (आतिथ्य), कैटरिंग और सेवा-संबंधी प्रशिक्षण में भी सुगम्यता से जुड़े पहलुओं को शामिल किया जाएगा। चूँकि, आईएनएस हमला कर्मियों को लॉजिस्टिक्स और उससे जुड़ी सेवाओं में विशेष भूमिकाओं के लिए तैयार करता है, इसलिए इन कार्यक्रमों में समावेशी बातचीत, बैठने की व्यवस्था, सर्विस काउंटर और रोजमर्रा के कामकाज में मदद करने जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा। इससे प्रशिक्षुओं को नौसेना के विभिन्न केंद्रों में अपनी भविष्य की नियुक्तियों के दौरान इन सिद्धांतों को लागू करने में मदद मिलेगी।

आईएनएस हमला के कमांडिंग ऑफिसर, कमोडोर परमजीत सिंह ने कहा, “राष्ट्र-निर्माण की असली भावना एक ऐसे देश के निर्माण में निहित है, जहाँ हर किसी को सम्मान, स्वतंत्रता और अपनापन महसूस करते हुए जीने का अवसर मिले। स्वयं के साथ हमारा जुड़ाव इसी दिशा में एक कदम है। अपने बुनियादी ढाँचे और प्रशिक्षण में सुगम्यता और समावेशिता पर अधिक ध्यान देकर, हम एक ऐसा समावेशी माहौल बनाना चाहते हैं, जहाँ कम वाले लोगों की जरूरतों को बेहतर तरीके से समझा जा सके। हमारा मानना है कि सशस्त्र बलों के सभी कर्मियों को इस विषय के प्रति संवेदनशील बनाने से, ये मूल्य आईएनएस हमला से आगे तक पहुँचेंगे और एक बेहतर समाज बनाने के हमारे साझा दृष्टिकोण को साकार करने में मदद करेंगे।”

स्वयं के लिए, यह साझेदारी राष्ट्र-निर्माण की दिशा में एक सार्थक योगदान है। इसके माध्यम से, देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक में यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी (सभी के लिए सुगम्यता), गरिमा और समावेशिता के सिद्धांतों को शामिल किया जा रहा है। सुगम्य भारत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत, स्वयं राष्ट्र सेवा और भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति गहरे सम्मान के भाव से, आईएनएस हमला को अपनी विशेषज्ञता और तकनीकी सहायता प्रदान कर रहा है। इस साझेदारी के माध्यम से स्वयं एक ऐसा माहौल बनाने में योगदान देना चाहता है, जहाँ सुगम्यता संस्थागत बुनियादी ढांचे, प्रशिक्षण और सेवा वितरण का एक अभिन्न हिस्सा बन जाए। यह पहल पूरी तरह से निःशुल्क होगी, जो इस बात को दर्शाती है कि एक अधिक समावेशी भारत का निर्माण करना हम सबकी सामूहिक राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।

इस साझेदारी के तहत मूल्यांकन और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से पहचाने गए प्रभावी उपायों का दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा। आपसी सहमति और गोपनीयता की शर्तों के अधीन, इन उपायों को आईएनएस हमला के दायरे से बढ़कर भी अपनाया जा सकेगा। मुस्कान सिंह

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »