NEW English Version

चैना और चमकीली की टक्कर: शेमारू उमंग के नए शो ‘बड़ी हवेली की छोटी ठकुराईन’ में देखिए हवेली की सत्ता की जंग

भारत में जहां पारिवारिक परंपराएं पीढ़ियों से चली आ रही हैं, वहीं घर की चाबियों की ज़िम्मेदारी परिवार की सबसे बड़ी बहू को सौंपने की एक परंपरा है। लेकिन क्या होगा जब इस प्राचीन परंपरा को बदलकर यह ज़िम्मेदारी सबसे छोटी बहू को सौंप दी जाएगी? शेमारू उमंग का नया शो ‘बड़ी हवेली की छोटी ठकुराईन’ इसी दिलचस्प सवाल का जवाब देता है। यह शो परिवार के भीतर सत्ता के बदलाव और परंपराओं के टूटने के भावनात्मक और रोमांचक पहलुओं को उजागर करता है। राजस्थान की शानदार पृष्ठभूमि पर बना यह शो 27 जनवरी, 2025 से शुरू हो चुका है, जो हर सोमवार से शनिवार, रात 9:00 बजे, शेमारू उमंग पर प्रसारित होगा।

रघुवीर शेखावत द्वारा उनके नए प्रोडक्शन हाउस नटखट प्रोडक्शंस के बैनर तले निर्मित यह पारिवारिक ड्रामा दर्शकों को भावनाओं, रहस्यों और दिलचस्प किरदारों के उतार-चढ़ाव से बांधे रखने का वादा करता है।

शो की मुख्य भूमिका में दीक्षा धामी, चैना का किरदार निभा रही हैं। चैना एक चुलबुली, तेज़-तर्रार और ज़िंदादिल गाँव की लड़की है, जिसकी ज़िंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है जब वह एक भव्य हवेली में छोटी ठकुराईन बनकर कदम रखती है। उनके साथ शील वर्मा, जयवीर की भूमिका में और इशिता गांगुली, चालाक जेठानी चमकीली के किरदार में नज़र आएँगी, जो परिवार के भीतर सत्ता संतुलन को चुनौती देती है। चैना के हवेली में छोटी ठकुराईन बनने की वजह का रहस्य, इस कहानी को और भी रोचक बना देता है।

चैना का किरदार निभाने वालीं दीक्षा धामी ने अपनी उत्सुकता साझा करते हुए कहा, “मैं बेहद उत्साहित हूँ कि दर्शक मेरे किरदार चैना से मिलने वाले हैं। वह समझदार है, दिलचस्प कहानियाँ सुनाने में माहिर है और इस प्रतिभा का इस्तेमाल हमेशा दूसरों की मदद के लिए करती है। बाहर से वह जितनी खुशमिजाज और ज़िंदादिल दिखाई देती है, अंदर से उतनी ही गहरी चोटें छुपाए हुए है। इस जटिल किरदार को निभाना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन यह अनुभव मेरे लिए संतोषजनक है। मैं रघुवीर सर और शेमारू उमंग की शुक्रगुजार हूँ कि उन्होंने मुझ पर भरोसा किया और अब मैं चैना की इस यात्रा को आप सबके साथ साझा करने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूँ।”

वहीं चमकीली का किरदार निभाने वालीं इशिता गांगुली ने कहा, “चमकीली वह नया नकारात्मक किरदार है, जिसे दर्शक बड़े ही प्यार से नफरत करेंगे। वह चालाक है, शातिर है और हमेशा कुछ ना कुछ नई खुराफात में लगी रहती है। उसकी हर अदा और हर हरकत उसे खास बनाती है। यह किरदार मेरे लिए अब तक के निभाए गए सभी किरदारों से बिल्कुल अलग है। मुझे इसे निभाने में बेहद मजा आ रहा है और मैं इस बात को लेकर उत्साहित हूँ कि दर्शक चमकीली को कैसे अपनाते हैं।”

जयवीर का किरदार निभा रहे शील वर्मा ने कहा, “मेरे किरदार जयवीर का इस पूरी कहानी में एक अहम् योगदान है। अभी तक उसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया गया है, लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ेगी, दर्शक उसकी आंतरिक उथल-पुथल को समझ पाएँगे। कभी-कभी आप उसकी हरकतों से नफरत करेंगे, लेकिन अंत में आप उससे प्यार करने लगेंगे। जहाँ चैना के छोटी ठकुराईन बनकर हवेली में आने से परिवार में हलचल मच जाएगी, वहीं मेरी एंट्री कुछ ऐसे राज़ खोलेगी, जो कहानी को दिलचस्प मोड़ देगी। आपको यह सब देखने के लिए शो देखना होगा।”

‘बड़ी हवेली की छोटी ठकुराईन’ अपने पारिवारिक बंधन, परंपराओं और संघर्षों की गहराई के साथ अपनी शानदार कहानी और दमदार कलाकारों के दम पर दर्शकों के दिलों पर राज करने के लिए तैयार है। 

देखिए ‘बड़ी हवेली की छोटी ठकुराईन’ इस 27 जनवरी से हर सोमवार से शनिवार, रात 9:00 बजे सिर्फ, शेमारू उमंग पर

मुस्कान सिंह

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »