नगर आयुक्त श्री प्रेम प्रकाश मीणा के निर्देश पर शहर को जाम मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छर्रा अड्डा पुल के नीचे से नौरंगाबाद पेट्रोल पम्प व गांधी पार्क से मामूभांजा होते हुए रेलवे रोड चौराहे तक अतिक्रमण अभियान जोनल अधिकारी बेचन प्रसाद के नेतृत्व में चलाया गया।

अभियान के दौरान वेंडिंग रोड, नाले–नालियों, फुटपाथ–सड़क पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित करते हुए जेसीबी मशीन व नगर निगम कर्मचारियों द्वारा हटवाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध जुर्माने की भी कार्रवाई करते हुए 20,500 का जुर्माना वसूला।
नगर आयुक्त ने कहा कि हटाए गए अतिक्रमण की सूची नगर निगम द्वारा तैयार कर सम्बन्धित थाना को उपलब्ध कराई जा रही है। नगर निगम टीम के साथ प्रवर्तन दल, निर्माण विभाग की टीम, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा, जिसने अभियान को सुचारू एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।