NEW English Version

विश्व जल दिवस पर नमामि गंगे ने की गंगाजल की सफाई

मानव शृंखला बनाकर दिया संदेश : जनभागीदारी व जागरूकता से शुद्ध होगा गंगाजल

देश की धर्मपरायण जनता से गंगाजल के लिए जनभागीदारी व जागरूकता का आवाह्न करते हुए नमामि गंगे के स्वयंसेवी सदस्यों ने विश्व जल दिवस के अवसर पर दशाश्वमेध घाट पर गंगाजल की सफाई की। गंगा जल को प्रदूषित कर रही सामग्रियों को निकालकर संदेश दिया कि स्वच्छ जल का सेवन एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन का आधार है।  ‘स्वच्छ जल-स्वस्थ समुदाय’ के उद्घोष के बीच जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए गंगा तट पर नागरिकों के साथ मानव श्रृंखला बनाई गई। हाथ से हाथ जोड़कर नदियों, तालाबों और भूजल को बचाने का संकल्प लिया गया। मानव श्रृंखला के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जल सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है।

आयोजन का नेतृत्व करते हुए नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि विश्व जल दिवस न केवल जल संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि जल संकट से निपटने के लिए जमीनी स्तर पर कार्रवाई के लिए भी प्रेरित करता है। यह दिवस हमें पानी के जिम्मेदार उपयोग और भविष्य की पीढ़ियों के लिए इसे बचाने की याद दिलाता है। आयोजन के दौरान नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, महानगर सहसंयोजक सारिका गुप्ता, महानगर सहसंयोक बीना गुप्ता, पंकज अग्रहरि, रुबी गुप्ता, अजीत पाण्डेय, शिल्पी पाण्डेय, राखी पाण्डेय एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे ।

Translate »