3 मई विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस
लोकतंत्र के चार स्तंभों में ‘प्रेस’ वह एकमात्र जीवित और सजग प्रहरी है, जो जनता और व्यवस्था के बीच एक सेतु का कार्य करता है। प्रत्येक वर्ष 3 मई को मनाया जाने वाला ‘विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस’ केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उन मूल्यों के पुनर्मूल्यांकन का अवसर है, जिन पर आधुनिक सभ्यता की नींव टिकी है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता किसी भी स्वतंत्र समाज का प्राणतत्व है; यदि यह खंडित होती है, तो संपूर्ण लोकतांत्रिक ढांचा भरभरा कर गिर सकता है।
सत्ता, सत्य और साहस का संघर्ष
इतिहास गवाह है कि पत्रकारिता का मार्ग सदैव कांटों भरा रहा है। ‘सच’ कहना और ‘सच’ को सत्ता के गलियारों तक निर्भीकता से पहुँचाना एक जोखिम भरा कार्य है। आज के वैश्विक परिदृश्य में, जहाँ सूचनाओं का बाजारीकरण हो रहा है, प्रेस की स्वायत्तता पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। कहीं वैचारिक ध्रुवीकरण की बेड़ियाँ हैं, तो कहीं कॉरपोरेट जगत के हितों का टकराव। ऐसे में एक पत्रकार का सबसे बड़ा धर्म ‘लोकहित’ की रक्षा करना है। जब कलम सत्ता के प्रभाव में झुकने लगती है, तब समाज का विश्वास डगमगाने लगता है। सच्ची पत्रकारिता वही है जो अंधकार में भी मशाल जलाए रखे और अनकही पीड़ा को शब्द दे सके।
डिजिटल युग की चुनौतियां:
‘फेक न्यूज’ का विषवृक्ष
वर्तमान सूचना क्रांति के दौर में जहाँ तकनीक ने पत्रकारिता को पंख दिए हैं, वहीं ‘फेक न्यूज’ और ‘प्रोपेगैंडा’ के रूप में एक नया विषवृक्ष भी खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया के इस शोर में ‘सत्य’ अक्सर कहीं खो जाता है। सूचनाओं के इस महासागर में दूध का दूध और पानी का पानी करना आज के संपादक और पत्रकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। पत्रकारिता केवल ‘ब्रेकिंग न्यूज’ की दौड़ नहीं है, बल्कि यह तथ्यों की प्रमाणिकता और मानवीय संवेदनाओं के प्रति जवाबदेही का नाम है। सूचनाओं की भीड़ में ‘विवेक’ को जीवित रखना ही आज की पत्रकारिता की असली परीक्षा है।

सृजन और संवेदना का समन्वय पत्रकारिता केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, यह समाज के मानस को गढ़ने वाली एक कला भी है। एक साहित्यकार जब पत्रकारिता की कलम थामता है, तो उसमें संवेदना और सत्य का अद्भुत संगम होता है।
छत्तीसगढ़ की माटी, यहाँ की नदियाँ, अरपा का तट और यहाँ के सीधे-सादे लोगों की आवाज़ को वैश्विक पटल पर पहुँचाना ही हमारी लेखनी का वास्तविक ध्येय होना चाहिए। प्रेस की स्वतंत्रता का अर्थ केवल लिखने की आजादी नहीं, बल्कि न्याय के पक्ष में खड़े होने की सामर्थ्य है।
शाश्वत है सत्य की शक्ति
प्रेस की स्वतंत्रता का संरक्षण केवल पत्रकारों का ही नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज और सरकार का साझा दायित्व है। यदि प्रेस स्वतंत्र है, तो समाज जागरूक है; और यदि समाज जागरूक है, तो राष्ट्र की प्रगति को कोई रोक नहीं सकता। व्यवस्थाएं बदलेंगी, समय का चक्र घूमेगा, लेकिन कलम से उपजा सत्य सदैव ‘शाश्वत’ रहेगा।

