बरसात से पूर्व नाला व सड़क निर्माण के लिए नगर आयुक्त ने रखा लक्ष्य-मैरिस रोड की जलनिकासी बनेगी प्रभावी
स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा नगरीय क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए जाने के उद्देश्य से कार्यदायी संस्था सी.एन.डी.एस. के माध्यम से लगभग 6794.50 लाख रुपये लागत की स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज परियोजना-2 संचालित की जा रही है। इसी परियोजना के अंतर्गत लगभग 954.89 लाख रुपये की लागत से केला नगर चौराहे से जीवनगढ़ होते हुए ज़ाफरी ड्रेन तक सड़क के मध्य अंडरग्राउंड प्री-कास्ट सेगमेंट तकनीक पर आधुनिक नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
उक्त निर्माण कार्य का सोमवार देर रात्रि नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने सीएनडीएस, जल निगम एवं अलीगढ़ स्मार्ट सिटी के सिविल इंजीनियरों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान नाला निर्माण कार्य संतोषजनक पाया गया। मौके पर नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था के साइड इंजीनियरों को निर्देशित किया कि आगामी 15 दिनों के अंदर युद्धस्तर पर दिन-रात कार्य कर नाला निर्माण पूर्ण किया जाए जिससे जीवनगढ़ क्षेत्र की मुख्य सड़क का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके तथा आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
नगर आयुक्त ने नगर निगम निर्माण विभाग के अभियंताओं एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व इस क्षेत्र में नाला एवं सड़क निर्माण कार्य प्रत्येक दशा में पूर्ण कराया जाए जिससे जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

उल्लेखनीय है कि विगत लगभग ढाई वर्षों से लंबित पड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के सतत प्रयासों, नियमित निगरानी एवं पार्षदों के सहयोग तथा सौहार्दपूर्ण संवाद के परिणामस्वरूप पुनः गति प्रदान की गई और निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने परियोजना प्रबंधक एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के दौरान व्यापक सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जहां भी खुदाई कार्य किया जाए वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग रिफ्लेक्टर चेतावनी संकेतक सुरक्षा उपकरण एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा अथवा दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि जीवनगढ़ क्षेत्र की यह ड्रेनेज परियोजना शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। लक्ष्य है कि वर्षा ऋतु से पूर्व नाला एवं सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को जलभराव और यातायात समस्या से राहत प्रदान की जाए।