पुण्यतिथि पर जनसेवा के माध्यम से स्वर्गीय डॉ. घनश्याम सिंह जी को दी गई श्रद्धांजलि
वाराणसी : डॉ. घनश्याम सिंह महाविद्यालय, सोयेपुर, लालपुर, वाराणसी में महाविद्यालय के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय डॉ. घनश्याम सिंह जी की पुण्यतिथि के अवसर पर ‘निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि वितरण शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं औषधियाँ प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय डॉ. घनश्याम सिंह जी की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। उपस्थितजनों ने उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व, आदर्शों तथा शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान का स्मरण करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक श्री नागेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय डॉ. घनश्याम सिंह जी ने शिक्षा और समाजसेवा को सदैव प्राथमिकता दी। उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज के जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य एवं अन्य जनकल्याणकारी सुविधाएँ पहुँचाना महाविद्यालय का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों को अकादमिक विकास के साथ-साथ सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों के संवर्धन में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
शिविर में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। चिकित्सकों में डॉ. बिनोद सिंह (दंत चिकित्सक), डॉ. दिवाकर सिंह (भूतपूर्व चिकित्सा अधिकारी एवं किडनी रोग विशेषज्ञ), डॉ. एल. के. सिंह (जनरल सर्जन), डॉ. के. वी. पी. सिंह (अस्थि रोग विशेषज्ञ), डॉ. मयंक सिंह जादौन (हृदय रोग विशेषज्ञ), आनंद पांडेय (वैद्य), डॉ. संजीव सिंह (दंत चिकित्सक), डॉ. दीपक सिंह (नेत्र विशेषज्ञ), डॉ. प्रदीप पांडेय, डॉ. प्रतीक कुमार सिंह , डॉ. प्रिया सिंह तथा शिव प्रसाद गुप्त राजकीय हॉस्पिटल चिकित्सक दल सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
चिकित्सकों द्वारा शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं सुझाव प्रदान किए गए। जरूरतमंद लोगों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया। शिविर में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, उनके परिजनों एवं आमजन ने सहभागिता की। विभिन्न विशेषज्ञों की उपलब्धता से लोगों को अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं के लिए परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रचना पाण्डेय ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। अंत में डॉ. आनंद सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों, महाविद्यालय प्रबंधन, प्राध्यापकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने स्वर्गीय डॉ. घनश्याम सिंह जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में जनकल्याणकारी गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि वितरण शिविर के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर उपचार तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय की यह पहल शिक्षा के साथ सामाजिक एवं मानवीय दायित्वों के निर्वहन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। एवीके न्यूज सर्विस