NEW English Version

वेव्स 2025: रचनात्मकता और नवाचार का महाकुंभ, पोस्टर और एनिमेशन प्रतियोगिताओं में भारत की प्रतिभा का जलवा

भारत सरकार द्वारा मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के लिए आयोजित प्रथम विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन—वेव्स 2025—देश की रचनात्मक शक्ति और तकनीकी नवाचार का उत्सव बनकर उभरा है। 1 से 4 मई, 2025 तक मुंबई में होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन की पूर्व तैयारी में आयोजित फिल्म पोस्टर मेकिंग चैलेंज और एनिमेशन फिल्म मेकर्स कॉम्पिटिशन (एएफसी) में देशभर से मिली जबरदस्त भागीदारी ने आयोजन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।

डिजिटल पोस्टर मेकिंग चैलेंज: 542 प्रविष्टियों में से शीर्ष 50 का चयन

वेव्स फिल्म पोस्टर मेकिंग चैलेंज को देशभर के युवा कलाकारों से जबरदस्त प्रतिसाद मिला। प्रतियोगिता में 542 डिजिटल पोस्टरों की प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं, जिनमें से रचनात्मकता, मौलिकता और कहानी कहने की क्षमता के आधार पर 197 पोस्टरों की प्रारंभिक शॉर्टलिस्ट तैयार की गई। इसके बाद कड़ी मूल्यांकन प्रक्रिया से गुजरते हुए ज्यूरी ने शीर्ष 50 विजेताओं का चयन किया।

इस बहु-स्तरीय मूल्यांकन में निर्णायक मंडल में शामिल थे:

  • आदित्य आर्य – प्रख्यात फोटोग्राफर और म्यूजियो कैमरा, गुरुग्राम के संस्थापक निदेशक
  • आनंद मोय बनर्जी – आर्टिस्ट प्रिंटमेकर और साउथ दिल्ली पॉलिटेक्निक फॉर वुमन के वाइस प्रिंसिपल

इनमें से तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों की भी पहचान की गई है (वर्णमाला क्रम में):

  • सप्तोसिंधु सेनगुप्ता
  • शिवांगी शर्मा कश्यप
  • सुरेश डी नायर

इन तीनों की अंतिम रैंकिंग की घोषणा वेव्स शिखर सम्मेलन के दौरान की जाएगी। साथ ही, सभी 50 विजेता पोस्टर सम्मेलन में डिजिटल रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे कलाकारों को वैश्विक मान्यता और नेटवर्किंग का एक बड़ा मंच मिलेगा।

हैंड-पेंटेड पोस्टर: परंपरा और कला का जीवंत संगम

डिजिटल युग में भी परंपरागत कलाओं को मंच देने के उद्देश्य से वेव्स ने लाइव हैंड-पेंटेड फिल्म पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया है। यह खंड भारतीय सिनेमा की उस दृश्य विरासत को पुनर्जीवित करता है, जिसे कभी एमएफ हुसैन और एसएम पंडित जैसे दिग्गज कलाकारों ने परिभाषित किया था।

देशभर के कला संस्थानों से चुने गए 10 छात्र कलाकार इस प्रतियोगिता में लाइव पेंटिंग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शीर्ष 3 कलाकारों को उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

एनिमेशन फिल्म मेकर्स कॉम्पिटिशन (एएफसी): भारत की क्रिएटिव इंडस्ट्री का वैश्विक मंच

वेव्स 2025 के Create in India Challenge Season-1 के अंतर्गत आयोजित एनिमेशन फिल्म मेकर्स कॉम्पिटिशन (एएफसी) में भारत की रचनात्मक और तकनीकी क्षमताओं का अभूतपूर्व प्रदर्शन देखने को मिला। प्रतियोगिता में 1900 से अधिक पंजीकरण और 419 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं। इन प्रविष्टियों में पारंपरिक एनीमेशन, वीएफएक्स, एआर/वीआर और वर्चुअल प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया।

गहन मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद, 42 प्रतिभागियों को अंतिम दौर के लिए चुना गया है, जो वेव्स सम्मेलन के दौरान अपनी मूल प्रस्तुतियों को पेश करेंगे। इन प्रतिभागियों में शामिल हैं: अभिजीत सक्सेना, अनिका राजेश, बिमल पोद्दार, ऋचा भूटानी, श्रीकांत मेनन, तुहिन चंदा सहित अन्य प्रतिभाएं।

इन प्रविष्टियों में शामिल हैं:

  • 12 फीचर फिल्में
  • 9 टीवी सीरीज
  • 3 AR/VR अनुभव
  • 18 लघु फिल्में

इन विजेताओं को वैश्विक दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए डांसिंग एटम्स और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय मिलकर विभिन्न देशों के दूतावासों और वितरकों से संवाद कर रहे हैं। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को गुनीत मोंगा, शोबू यारलागड्डा और सरस्वती बुय्याला जैसी दिग्गज हस्तियों से मास्टरक्लास का भी अवसर प्राप्त हुआ है।

वेव्स 2025: भारत की रचनात्मक शक्ति का वैश्विक प्रदर्शन

मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों, निवेशकों, नवप्रवर्तकों और निर्माताओं के लिए वेव्स 2025 एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करता है। इस सम्मेलन में प्रसारण, फिल्म, एनीमेशन, गेमिंग, डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, जनरेटिव एआई, AR/VR और XR जैसे उभरते क्षेत्रों पर फोकस रहेगा।

वेव्स 2025 न केवल भारत की कंटेंट निर्माण क्षमता को वैश्विक मंच देगा, बल्कि रोजगार सृजन, अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण, और बौद्धिक संपदा सृजन जैसे पहलुओं को भी मजबूत करेगा।

अधिक जानकारी और प्रतियोगिता के विजेताओं की पूरी सूची के लिए देखें: https://www.nfdcindia.com/waves-poster-challenge-2025

वेव्स का हिस्सा बनें, रजिस्ट्रेशन अभी खुला है।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »