NEW English Version

क्विज़ से सियाचिन तक: माय भारत का युवा नेतृत्व, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की एक निर्णायक यात्रा शुरू करने के लिए तैयार

अपनी तरह की एक अनूठी पहल के तहत, कुछ युवा भारतीयों का एक समूह क्विज़ के डिजिटल क्षेत्र से दुनिया के सबसे ऊँचे युद्धक्षेत्र सियाचिन की बर्फीली चोटियों तक की यात्रा पर निकलेगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा संचालित यह अनूठी यात्रा युवाओं को भारत के सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में से एक पर नेतृत्व, लचीलापन और राष्ट्र-निर्माण का अनुभव करने का एक दुर्लभ अवसर प्रदान करेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “माय भारत” ने देश भर में 1.8 करोड़ से ज़्यादा युवाओं को सेवा-भाव और कर्तव्य-बोध के भारतीय मूल्यों से परिचित कराते हुए इससे जोड़ा है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के एक भाग के रूप में, युवा कार्य विभाग ने 1-15 अगस्त, 2025 तक “माय भारत” प्लेटफ़ॉर्म पर राष्ट्रीय ध्वज प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया, जिसमें देश भर के 1.1 लाख से ज़्यादा युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस क्विज़ के विजेताओं को अब 28-30 सितम्‍बर, 2025 तक सियाचिन बेस कैंप ले जाया जाएगा, जहां वे भारतीय सशस्त्र बलों के साथ बातचीत करेंगे।

सैन्य प्रतिष्ठानों में अपने प्रवास के दौरान, सियाचिन में तैनात भारतीय सेना युवाओं को वहां परिचालन, भौगोलिक और पर्यावरणीय चुनौतियों के बारे में सीधी जानकारी देगी। वे प्रशिक्षण क्षेत्रों का दौरा करेंगे, युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उन सैनिकों से बातचीत करेंगे जो सबसे कठिन परिस्थितियों में भारत की सीमाओं की रक्षा करते हैं। लेह की सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने और स्थानीय उद्यमिता एवं व्यावसायिक गतिविधियों से परिचय मिलने से यह अनुभव और भी समृद्ध होगा।

इसके अलावा, प्रत्येक युवा प्रतिभागी सेना को संबोधित एक हस्तलिखित पत्र लेकर आएगा, जिसमें विकसित भारत के उनके सपने की अभिव्‍यक्ति होगी तथा एक मजबूत, सुरक्षित और विकसित भारत के निर्माण में सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उनका आभार व्‍यक्‍त किया जाएगा।

युवा कार्य विभाग ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि यह पहल एक साधारण शैक्षिक यात्रा से कहीं आगे है। इसका उद्देश्य भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों के बारे में युवाओं की समझ को गहरा करना, सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान बढ़ाना और उनमें गर्व, ज़िम्मेदारी और देशभक्ति की भावना का संचार करना है। प्रश्नोत्तरी से लेकर सियाचिन तक के सफ़र को जोड़कर, ‘माय भारत’ राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित और भारत को एक उज्जवल भविष्य की ओर ले जाने के लिए तैयार युवा नागरिकों की एक पीढ़ी का निर्माण कर रहा है।

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »