NEW English Version

मौन खतरा, गंभीर चेतावनी: बढ़ता रक्तचाप और हमारी जिम्मेदारी

17 मई – विश्व उच्च रक्तचाप दिवस

तेजी से भागती जिंदगी में हम अक्सर उन खतरों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो धीरे-धीरे हमारे भीतर घर कर लेते हैं। उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) ऐसा ही एक “मौन हत्यारा” है, जो बिना स्पष्ट संकेत दिए शरीर को भीतर ही भीतर नुकसान पहुंचाता रहता है।

विश्व उच्च रक्तचाप दिवस हमें इस अदृश्य खतरे के प्रति जागरूक करने और समय रहते सावधानी बरतने का संदेश देता है। आज की जीवनशैली अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खान-पान, मानसिक तनाव, शारीरिक निष्क्रियता और बढ़ता प्रदूषण उच्च रक्तचाप के प्रमुख कारण बन चुके हैं। पहले इसे उम्रदराज़ लोगों की बीमारी माना जाता था, लेकिन अब युवा भी इसकी चपेट में तेजी से आ रहे हैं। यह बदलाव केवल स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली के बिगड़ते संतुलन का संकेत है।

उच्च रक्तचाप का सबसे बड़ा खतरा यही है कि इसके लक्षण अक्सर स्पष्ट नहीं होते। व्यक्ति सामान्य महसूस करता है, लेकिन भीतर ही भीतर हृदय, मस्तिष्क और किडनी पर दबाव बढ़ता रहता है। यदि समय रहते इसे नियंत्रित न किया जाए, तो यह दिल का दौरा, स्ट्रोक और अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। इसलिए इसे “साइलेंट किलर” कहा जाता है।

इस चुनौती से निपटने का सबसे प्रभावी तरीका है, जागरूकता और नियमित जांच। रक्तचाप की समय-समय पर जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, नमक का सीमित सेवन और तनाव प्रबंधन ये सभी उपाय इसे नियंत्रित रखने में सहायक हैं। साथ ही, धूम्रपान और अत्यधिक शराब सेवन से दूरी बनाना भी आवश्यक है। यह भी जरूरी है कि हम स्वास्थ्य को केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी न मानें, बल्कि इसे सामाजिक और नीतिगत प्राथमिकता का हिस्सा बनाएं।     

सार्वजनिक स्थानों पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा, जागरूकता अभियान और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली नीतियां ये सभी कदम समाज को इस समस्या से बचाने में सहायक हो सकते हैं। परिवार की भूमिका भी इस संदर्भ में अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि परिवार में स्वास्थ्य के प्रति सजगता होगी, तो हर सदस्य प्रेरित होगा।

छोटी-छोटी आदतें जैसे साथ में टहलना, घर का संतुलित भोजन करना, और तनावमुक्त संवाद बड़े बदलाव ला सकती हैं।कुलमिलाकर विश्व उच्च रक्तचाप दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि एक चेतावनी है,अपने शरीर की आवाज़ सुनने की, अपनी जीवनशैली को संतुलित करने की, और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की। क्योंकि जीवन की दौड़ में आगे बढ़ना तभी सार्थक है, जब हमारे कदम स्वस्थ और संतुलित हों।

धीरे-धीरे बढ़ता दबाव, देता नहीं कोई शोर,

अंदर ही अंदर करता जीवन को कमजोर।

संभल जाओ अब भी, अपनाओ स्वस्थ विचार,

नियंत्रित रक्तचाप ही, जीवन का सच्चा आधार।।

सुरेश सिंह बैस "शाश्वत"
सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”
Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »