विश्व विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और जगद्गुरू सतुवा बाबा ने भगवान शिव के धाम से दिया हर घर तिरंगा फहराने का संदेश
गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम से नमामि गंगे ने राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता की अलख जगाते हुए आवाह्न किया कि ‘हर घर तिरंगा सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि जन-जन का संकल्प बने। आयोजन के दौरान विश्वनाथ धाम में पधारे विश्व विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और जगद्गुरू सतुवा बाबा ने हाथों में तिरंगा लेकर भगवान शिव के धाम से हर घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में बुजुर्ग, युवा, बच्चे, माताएं और बहनें, सभी ने एक स्वर में उद्घोष किया: हर दिल तिरंगा, हर मन तिरंगा, हर सपना तिरंगा, हर मकसद तिरंगा। हर-हर महादेव के जयघोष के बीच, उपस्थित नागरिकों को तिरंगा सम्मान और स्वच्छता संस्कार को जीवन में उतारने का संकल्प दिलाया गया।

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य देशप्रेम, एकता, और स्वच्छता को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना है। राष्ट्रध्वज का सम्मान और स्वच्छता का संस्कार, दोनों ही भारत की असली पहचान हैं। देशप्रेम, एकता और स्वच्छता को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना एक सशक्त जन-आंदोलन है, जो ‘हर घर तिरंगा’ और ‘स्वच्छ भारत अभियान’ जैसे राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों के माध्यम से साकार होता है। यह नागरिकों को अपनी मातृभूमि के प्रति सम्मान, आपसी भाईचारे और पर्यावरण के प्रति कर्तव्य का संदेश देता है। इस आयोजन में सैकड़ों नागरिकों ने भाग लिया ।