बास्केटबॉल में अंडर-17 (बालक वर्ग) का स्वर्ण, अब नेशनल में करेंगे प्रतिभाग।
वाराणसी। सीबीएसई क्लस्टर-V की खेल प्रतियोगिताओं में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर, वाराणसी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का मान बढ़ाया है। विद्यालय की अंडर-17 बालक वर्ग की बास्केटबॉल टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर आगामी सितंबर में आयोजित होने वाली सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। टीम अब राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय सहित क्लस्टर V का प्रतिनिधित्व करेगी।
बास्केटबॉल टीम की इस उपलब्धि के साथ विद्यालय के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में भी अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 बालक वर्ग की 4×100 मीटर प्रतियोगिता में टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं जैवलिन थ्रो में भी अंडर-19 ( बालक वर्ग ) में विद्यालय को स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है। अंडर-14 बालिका वर्ग में अद्विका सिंह ने 400 मीटर तथा 600 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।

इसके अतिरिक्त अंडर-19 बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में आयुष ने कांस्य पदक, 4×100 मीटर (बालक वर्ग) रिले टीम ने कांस्य पदक तथा अंडर-19 बालिका वर्ग की हाई जंप स्पर्धा में सृष्टि मेहता ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग के शॉटपुट में श्रेष्ठा सम्राट ने भी कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के सचिव श्री राहुल सिंह, निदेशिका डॉ. वंदना सिंह, उपनिदेशक श्री आयुष्मान सिंह एवं प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल, विद्यार्थियों में केवल प्रतिस्पर्धा की भावना ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, धैर्य और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि बास्केटबॉल टीम का नेशनल के लिए चयन पूरे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण है और राष्ट्रीय मंच पर खिलाड़ी इसी आत्मविश्वास एवं खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे ,ऐसा हमारा दृढ़ विश्वास है।