राधा अष्टमी- 19 सितम्बर, 2026
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अष्टमी भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में प्रेम, भक्ति और समर्पण का अद्भुत संदेश लेकर आती है। 19 सितंबर 2026, शनिवार को राधाष्टमी मनाई जाएगी। यह पर्व श्रीराधा के प्राकट्य-दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है और ब्रज, विशेषकर बरसाना में इसका विशेष महत्व है। राधाष्टमी केवल राधा के जन्मोत्सव का अवसर नहीं, बल्कि मनुष्य को यह समझाने का अवसर है कि प्रेम जब स्वार्थ से मुक्त होकर समर्पण बन जाता है, तब वह साधना का रूप ले लेता है। राधा भारतीय संस्कृति में केवल एक पौराणिक चरित्र नहीं हैं। वे प्रेम की पराकाष्ठा, भक्ति की गहराई और समर्पण की शक्ति का प्रतीक हैं। श्रीकृष्ण की लीला, माधुर्य और करुणा को जिस भावभूमि की आवश्यकता है, वह राधा के प्रेम से पूर्ण होती है। इसलिए भक्ति परंपरा में ‘राधा-कृष्ण’ का संयुक्त स्मरण केवल नामों का क्रम नहीं, बल्कि एक गहन आध्यात्मिक दृष्टि है। कृष्ण परमात्मा हैं तो राधा उस परमात्मा तक पहुंचने वाली प्रेममयी चेतना हैं।
राधा और कृष्ण के संबंध को केवल सांसारिक प्रेम की दृष्टि से देखना उनके आध्यात्मिक अर्थ को सीमित कर देना है। भारतीय भक्ति परंपरा ने इस संबंध में आत्मा और परमात्मा के तादात्म्य का दर्शन देखा है। इसमें अधिकार की भावना नहीं, अपनत्व है; अपेक्षा नहीं, अर्पण है; प्राप्ति की बेचौनी नहीं, स्वयं को समर्पित कर देने की सहजता है। राधा का प्रेम हमें बताता है कि प्रेम का सर्वाेच्च रूप वह नहीं जिसमें हम दूसरे को अपने लिए चाहते हैं, बल्कि वह है जिसमें हम दूसरे के सुख में अपना सुख खोज लेते हैं। यही राधा की सबसे बड़ी प्रासंगिकता है। आज संबंधों का संसार अत्यधिक सुविधाजनक, त्वरित और गणनात्मक होता जा रहा है। अनेक रिश्तों में प्रेम से अधिक अपेक्षाएं, संवाद से अधिक शिकायतें और विश्वास से अधिक स्वार्थ दिखाई देता है। ऐसे समय में राधा का चरित्र हमें यह प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित करता है कि क्या हमारा प्रेम अधिकार मांगता है या समर्पण करना जानता है? क्या हम संबंधों में केवल अपनी अपेक्षाएं देखते हैं या सामने वाले की संवेदनाओं को भी समझते हैं?

राधा का प्रेम किसी उपलब्धि की मांग नहीं करता। उनका भाव है-देना, निभाना और स्वयं को भूलकर भी प्रेम को जीवित रखना। इसीलिए राधा को भक्ति-रस की मूर्ति कहा गया। उनकी भक्ति में भक्त और भगवान के बीच की दूरी धीरे-धीरे समाप्त होती है। पूजा केवल मंदिर में दीप जलाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जीवन के व्यवहार में उतरती है। राधा की वास्तविक पूजा तभी है जब हमारे व्यवहार में प्रेम, वाणी में मधुरता और संबंधों में संवेदनशीलता दिखाई दे। राधाष्टमी का एक महत्वपूर्ण संदेश यह भी है कि भक्ति बाहरी आडंबर से अधिक आंतरिक निर्मलता का नाम है। व्रत, पूजन, अभिषेक, कीर्तन और आराधना हमारी श्रद्धा के माध्यम हो सकते हैं, लेकिन उनका उद्देश्य मन को अधिक विनम्र, करुणामय और निष्काम बनाना है। यदि पूजा के बाद भी मन में अहंकार, ईर्ष्या, द्वेष और कटुता बनी रहती है तो हमें अपनी भक्ति के स्वरूप पर विचार करना चाहिए। राधा हमें बाहरी धार्मिकता से आगे बढ़कर भीतर की शुद्धता की ओर ले जाती हैं।
शास्त्रीय और वैष्णव परंपराओं में राधा को कृष्ण की ह्लादिनी शक्ति अर्थात् दिव्य आनंद और प्रेम की शक्ति के रूप में समझा गया है। इसी कारण राधा-कृष्ण की आराधना को अलग-अलग नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक एकत्व के रूप में देखा जाता है। विभिन्न भक्त परंपराओं में राधा-भाव ने प्रेम-भक्ति को नई ऊंचाई दी। सूरदास, रसखान, विद्यापति और चौतन्य परंपरा सहित अनेक भक्त कवियों की साधना में राधा-कृष्ण का प्रेम आध्यात्मिक अनुभूति का माध्यम बना। राधाष्टमी का संदेश परिवार के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। परिवार केवल रक्त-संबंधों से नहीं बनता, वह विश्वास, क्षमा, त्याग और परस्पर सम्मान से बनता है। जहां हर व्यक्ति केवल अपने अधिकार की बात करेगा, वहां संबंध धीरे-धीरे कमजोर होंगे; जहां लोग अपने कर्तव्य और दूसरे की भावनाओं को महत्व देंगे, वहां परिवार मजबूत होगा। राधा का प्रेम हमें सिखाता है कि संबंधों को बचाने के लिए कभी-कभी अपने अहं को पीछे रखना पड़ता है।
बरसाना में राधाष्टमी का उत्सव इस आध्यात्मिक परंपरा की जीवंत अभिव्यक्ति है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना के कारण प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और भीड़-प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। रिपोर्टों के अनुसार लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं के आने की अपेक्षा है तथा क्षेत्र को कई जोन और सेक्टरों में बांटकर व्यवस्था की जा रही है। यह तथ्य बताता है कि राधा की भक्ति आज भी करोड़ों लोगों के जीवन में कितनी गहरी भावनात्मक और आध्यात्मिक जगह रखती है। राधाष्टमी का वास्तविक उत्सव तब होगा जब हम राधा के प्रेम को अपने जीवन का व्यवहार बना सकें। किसी दुखी व्यक्ति के प्रति संवेदना, परिवार में किसी की भूल को क्षमा करना, संबंधों में विश्वास बनाए रखना, जरूरतमंद की सहायता करना और ईश्वर के प्रति निष्काम भाव रखनाकृये सभी राधा-भक्ति के जीवंत रूप हो सकते हैं।
राधा हमें सिखाती हैं कि प्रेम कमजोरी नहीं, आत्मा की सबसे बड़ी शक्ति है; समर्पण हार नहीं, अहंकार पर विजय है; और भक्ति पलायन नहीं, जीवन को पवित्र बनाने की साधना है। आज जब मनुष्य बाहरी उपलब्धियों के बावजूद भीतर अकेलापन और तनाव महसूस कर रहा है, तब राधा का संदेश और अधिक सार्थक हो जाता है। इस राधाष्टमी पर आवश्यकता केवल राधा के नाम का स्मरण करने की नहीं, बल्कि राधा के भाव को जीवन में उतारने की है। हमारे प्रेम में स्वार्थ कम हो, संबंधों में विश्वास बढ़े, व्यवहार में करुणा आए और हृदय में ईश्वर के प्रति समर्पण जागे-यही राधाष्टमी की सच्ची साधना होगी। राधा का संदेश अंततः यही है कि जब प्रेम पवित्र हो जाता है तो वह संबंध नहीं रहता, साधना बन जाता है; जब समर्पण पूर्ण हो जाता है तो वह भक्ति बन जाता है; और जब भक्ति जीवन में उतरती है तो मनुष्य का जीवन ही वृंदावन बन जाता है।
