आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शहर में स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नगर निगम खुले में मीट की बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई बड़े पैमाने पर करने जा रहा है। मंगलवार को आयोजित संभव जनसुनवाई के दौरान जीवनगढ़, शाहजमल, जमालपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों ने खुले में मीट की बिक्री से नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव के संबंध में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा को अवगत कराया।
नगर आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर निगम के चारों जोन में जोनल अधिकारियों एवं पशु कल्याण अधिकारी डॉ राजेश वर्मा के नेतृत्व में 10 टीमों का गठन कर अभियान चलाने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा युद्ध स्तर पर इस अभियान के प्रथम चरण में छोटे बड़े 400 से अधिक मीट विक्रेताओं को नोटिस जारी कर निर्धारित मानकों के अनुरूप बिक्री सुनिश्चित करने के लिए चेतावनी दी जा रही है।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि खुले में मीट की बिक्री तथा पशु अवशेषों को सड़कों एवं नालियों में फेंकना जनस्वास्थ्य और शहर की स्वच्छता के लिए गंभीर चिंता का विषय है सभी मीट विक्रेताओं को अपनी निर्धारित दुकानों के अंदर मीट को ढककर बेचने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम नोटिस के बाद भी नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्त करने एवं सामान जब्त करने कीअग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में स्वच्छता, नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना नगर निगम की प्रथम प्राथमिकता है। खुले में मीट की बिक्री और पशु अवशेषों का उचित निस्तारण न किए जाने से गंदगी फैलने के साथ-साथ दुर्गंध एवं संक्रमण संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका रहती है। ऐसी गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी नगर निगम द्वारा मीट विक्रेताओं को नोटिस दिए जा चुके हैं परंतु सुधार नहीं होने की दिशा में अंतिम नोटिस निर्गत किया जा रहा है। सभी मीट विक्रेताओं को निर्धारित नियमों एवं स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए अपनी दुकानों के अंदर मीट को ढककर बेचने तथा दुकान एवं उसके आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानदारों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि मीट की बिक्री के दौरान सार्वजनिक स्थल पर साफ सफाई प्रभावित न हो और पशु अवशेषों को सड़कों, नालियों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर न फेंका जाए।
नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं खुले में मीट की बिक्री अथवा पशु अवशेषों को सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने जैसी गतिविधियां दिखाई दें, तो इसकी सूचना नगर निगम कंट्रोल एंड कमांड सेंटर 1533 को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।