NEW English Version

यूपी टी20 लीग मिनी ऑक्शन 2025 में कानपुर सुपरस्टार्स हुए और भी स्मार्ट

यूपी टी20 लीग 2025 का रोमांच चरम पर है और ऐसे में मिनी ऑक्शन से निकलते ही कानपुर सुपरस्टार्स ने नई ऊर्जा और फोकस के साथ मैदान में वापसी का संकेत दे दिया है। टीम ने इस बार अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संतुलन साधते हुए अपने कोर ग्रुप को और भी मजबूती दी है।

टीम ने पहले ही 10 खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखकर मजबूत शुरुआत कर दी थी, जिसमें कप्तान समीर रिज़वी भी शामिल हैं, जो पिछले सीज़न में टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। साथ ही, ऑलराउंडर शौर्य सिंह को भी बरकरार रखा गया, जिन्होंने पिछले साल मात्र 17 गेंदों में टूर्नामेंट की सबसे तेज़ फिफ्टी जड़ी थी। इस ठोस आधार के साथ टीम पूरी तैयारी और स्पष्ट योजना के साथ ऑक्शन रूम में उतरी।

टीम के हेड कोच ज्ञानेंद्र पांडे ने कहा, “हम अपनी कोर टीम पर भरोसा बनाए रखते हुए ऐसे प्लेयर्स चाहते थे, जो दोनों डिपार्टमेंट्स में गहराई और विविधता ला सकें। हमें खुशी है कि इस बार टीम में एक बहुत ही अच्छा संतुलन बन पाया है।”

मूल टीम बरकरार, पहचान बरकरार

कानपुर सुपरस्टार्स ने अपने कोर प्लेयर्स का एक दमदार और संतुलित संयोजन बरकरार रखा है:

  • समीर रिज़वी – टीम के कप्तान और बल्लेबाज़ी की रीढ़
  • आदर्श सिंह – भरोसेमंद टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज़
  • शौर्य सिंह – मैच का रुख बदलने वाले ऑलराउंडर
  • शुभम मिश्रा – हरफनमौला गेंदबाज़
  • अभिषेक पांडे – फुर्तीले विकेटकीपर

गेंदबाज़ी यूनिट भी पूरी तरह संतुलित नज़र आती है, जिसमें शामिल हैं:

  • विनीत पँवार
  • आकिब खान
  • पंकज कुमार
  • मुकेश कुमार

ऑक्शन की झलक: युवा जोश, विविधता और समझदारी भरे निर्णय

टीम ने ऑक्शन की शुरुआत बॉबी यादव को अपनी पहली पसंद के रूप में चुनकर की, जो उनके इरादों का स्पष्ट संकेत था। इस ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी रहे रेलवे के राहुल शर्मा, जिन्हें 7.2 लाख रुपये में टीम ने अपने साथ जोड़ा। उनकी तेज़ गेंदबाज़ी और अनुभव टीम को मजबूती देंगे।

टीम में शामिल हुए कुछ अन्य महत्वपूर्ण नाम:

  • मानव सिंधु (बल्लेबाज़)
  • यशु प्रधान (बल्लेबाज़)
  • प्रियांशु गौतम (गेंदबाज़)
  • इंज़माम हुसैन (बल्लेबाज़)
  • सौभाग्य मिश्रा (बल्लेबाज़)
  • शुभंकर शुक्ला (बल्लेबाज़)

पहले राउंड में कोई खरीद नहीं करने के बावजूद, टीम का धैर्य काम आया और उन्होंने बाद के राउंड्स में जरूरी जगहों को समझदारी से चुने गए खिलाड़ियों से पूरा किया।

आगे की राह: एक संतुलित और मजबूत स्क्वॉड

पहले से टीम में मौजूद और ऑक्शन में शामिल किए गए दमदार खिलाड़ियों के संयोजन ने कानपुर सुपरस्टार्स को इस सीज़न की सबसे संतुलित टीमों में से एक बना दिया है।

कप्तान समीर रिज़वी ने कहा, “पिछले साल हमारी टीम में ज्यादातर युवा प्लेयर्स थे, लेकिन इस बार हमने अनुभव को भी तवज्जो दी है। इस प्रकार, हमें पूरी तरह से संतुलित टीम मिली है। पिछली बार हम फाइनल तक पहुँचे थे, लेकिन इस बार पूरे जोश और उत्साह के साथ ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेंगे।”

कानपुर सुपरस्टार्स: फिर दहाड़ने को तैयार

यूपी टी20 लीग 2025 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, और कानपुर सुपरस्टार्स पूरे जोश के साथ दमदार टैलेंट, सोच-समझकर बनाई गई स्ट्रेटेजी और जीत की ज़बरदस्त चाहत के साथ एक बार फिर मैदान में तहलका मचाने को तैयार हैं। मुस्कान सिंह

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »