NEW English Version

बलिदान की विरासत और राष्ट्र का आत्ममंथन

23 मार्च शहीद दिवस

भारत के इतिहास की 23 मार्च वह तिथि है, जो केवल कैलेंडर का एक दिन नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा में अंकित स्मृति है। इसी दिन 1931 को तीन युवा क्रांतिकारी भगत सिंह शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर को ब्रिटिश सरकार ने लाहौर जेल में फांसी दी थी। उनके अदम्य साहस और देशप्रेम की स्मृति में 23 मार्च को शहीद दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है।

शहीद होना केवल प्राण त्याग देना नहीं है; यह अन्याय के विरुद्ध अंतिम क्षण तक खड़े रहने का साहस है। भगत ​सिंह और उनके साथियों ने स्वतंत्रता संग्राम को नई वैचारिक दिशा दी। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि उनका संघर्ष केवल ब्रिटिश शासन से मुक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि शोषणमुक्त और समतामूलक समाज की स्थापना के लिए भी था।उनका प्रसिद्ध नारा-“इंकलाब जिंदाबाद”आज भी युवाओं में ऊर्जा का संचार करता है। यह नारा केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का आह्वान था।

जब भगत सिंह शहीद हुए, तब उनकी आयु मात्र 23 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में उनकी वैचारिक परिपक्वता और अध्ययनशीलता उल्लेखनीय थी। वे क्रांतिकारी होने के साथ-साथ गहन चिंतक और लेखक भी थे।उनकी जेल डायरी यह प्रमाणित करती है कि स्वतंत्रता का संघर्ष केवल भावनात्मक उबाल नहीं, बल्कि वैचारिक प्रतिबद्धता का परिणाम था। आज के युवाओं के लिए यह संदेश है कि देशप्रेम केवल उत्साह नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और अनुशासन भी है।

स्वतंत्रता हमें सहज प्राप्त नहीं हुई। असंख्य ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के बलिदान ने इसे संभव बनाया। किंतु प्रश्न यह है कि क्या हम उस बलिदान की गरिमा को समझते हैं? भ्रष्टाचार, सामाजिक विभाजन, असहिष्णुता और उदासीनता- ये सभी चुनौतियाँ हमें यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि क्या हम शहीदों के सपनों का भारत बना पाए हैं?

शहीद दिवस केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन का दिन है। क्या हम अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं? क्या हम संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के प्रति सजग हैं? शहीद दिवस हमें यह भी सिखाता है कि राष्ट्र की शक्ति उसकी एकता में निहित है। स्वतंत्रता संग्राम में विभिन्न धर्मों, भाषाओं और क्षेत्रों के लोगों ने मिलकर संघर्ष किया।आज जब समाज अनेक विभाजनों से जूझ रहा है, तब शहीदों की विरासत हमें समरसता और भाईचारे का मार्ग दिखाती है।

शहीद दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित करना पर्याप्त नहीं। सच्ची श्रद्धांजलि तब होगी, जब हम उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारें। ईमानदारी, सामाजिक न्याय, राष्ट्र के प्रति समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा शहीदों का बलिदान इतिहास का अध्याय भर नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य की प्रेरणा है। 23 मार्च हमें याद दिलाता है कि स्वतंत्रता का मूल्य निरंतर जागरूकता और जिम्मेदारी है।

यदि हम उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लें, तभी शहीद दिवस की सार्थकता पूर्ण होगी।

सुरेश सिंह बैस "शाश्वत"
सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”

 

Book Showcase

Best Selling Books

Shri Durgasaptashati Sachitra

By Gorakhpur Gita Press

₹100

Book 2 Cover

Stop Letting Everything Affect You

By Daniel Chidiac

₹190

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

30 Days to Better English

By Norman Lewis

₹199

Translate »