NEW English Version

“राशन कार्ड, नियमों की असमानता और लोकतंत्र की नैतिक कसौटी”

भारत जैसे विशाल लोकतंत्र में राशन कार्ड केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि करोड़ों गरीबों के जीवन का सहारा है। यह भूख और गरिमा के बीच की वह पतली रेखा है, जो राज्य की संवेदनशीलता को परिभाषित करती है। परंतु जब “मोटरसाइकिल रखने” जैसे मानकों के आधार पर गरीबों के अधिकारों पर प्रश्नचिह्न लगने लगें और दूसरी ओर जनप्रतिनिधियों को निरंतर सुविधाएं मिलती रहें, तब यह प्रश्न केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि न्याय, समानता और नैतिकता का बन जाता है।

1. पात्रता का प्रश्न: गरीबी की परिभाषा या प्रशासनिक सुविधा? हाल के वर्षों में विभिन्न राज्यों में राशन कार्ड की सत्यापन प्रक्रिया तेज हुई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे। लेकिन जमीनी हकीकत इससे कहीं अधिक जटिल है। कई मामलों में ऐसे लोगों को भी “अपात्र” घोषित कर दिया गया, जिनके पास मामूली संपत्ति जैसे एक पुरानी मोटरसाइकिल—होती है।

यहां मूल प्रश्न उठता है- क्या मोटरसाइकिल होना = सम्पन्न होता है ?  भारत के ग्रामीण और अर्धशहरी परिवेश में मोटरसाइकिल आज विलासिता नहीं, बल्कि आवश्यकता है, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच का साधन। ऐसे में इसे “समृद्धि का प्रतीक” मानकर गरीबों को योजनाओं से बाहर करना न केवल तर्कहीन है, बल्कि सामाजिक वास्तविकताओं से कटे हुए निर्णय का उदाहरण भी है।

2.दोहरे मानदंड: इस विषय पर उठाया गया सबसे गंभीर सवाल यही है कि जहां आम नागरिकों के लिए कठोर पात्रता मानक लागू किए जाते हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों और उच्च पदों पर बैठे लोगों के लिए अलग व्यवस्था दिखाई देती है। एक ओर गरीब परिवार को छोटी सी संपत्ति के कारण योजनाओं से बाहर किया जाता है।

दूसरी ओर जनप्रतिनिधियों को पद पर हों या न हों, पेंशन और सुविधाएं निरंतर मिलती रहती हैं।यह स्थिति लोकतंत्र के मूल सिद्धांत “समानता” के विरुद्ध है।यदि एक वर्ग के लिए नियम कठोर और दूसरे के लिए लचीले हों, तो यह “कानून के समक्ष समानता” की अवधारणा को खोखला कर देता है।

3.पारदर्शिता बनाम संवेदनशीलता: संतुलन का संकट। सरकारों का तर्क है कि राशन प्रणाली में फर्जी और अपात्र लाभार्थियों को हटाना जरूरी है, ताकि संसाधनों का दुरुपयोग न हो। कई राज्यों में हजारों राशन कार्ड इसी प्रक्रिया में रद्द किए गए हैं। यह कदम सिद्धांततः सही है, लेकिन समस्या तब पैदा होती है जब यह प्रक्रिया संवेदनहीन और यांत्रिक बन जाती है। डेटा आधारित जांच में त्रुटियां, गलत आय या संपत्ति का रिकॉर्ड, सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों की अनदेखी, इन कारणों से वास्तविक जरूरतमंद भी प्रभावित हो जाते हैं। स्वयं अधिकारियों और संगठनों ने भी स्वीकार किया है कि केवल कागजी आंकड़ों के आधार पर पात्रता तय करना उचित नहीं है।

4. सामाजिक न्याय की कसौटी पर नीति:भारत का संविधान सामाजिक न्याय को राज्य की आधारशिला मानता है। ऐसे में किसी भी नीति का मूल्यांकन केवल प्रशासनिक दक्षता से नहीं, बल्कि इन प्रश्नों से होना चाहिए- क्या यह नीति कमजोर वर्गों को और कमजोर कर रही है?क्या इसमें मानवीय दृष्टिकोण है?क्या नियम सभी पर समान रूप से लागू हो रहे हैं? यदि इन प्रश्नों का उत्तर “नहीं” है, तो नीति में सुधार आवश्यक है।

5. समाधान की दिशा: समानता आधारित नीति-निर्माण, इस पूरे विमर्श का निष्कर्ष नकारात्मक नहीं, बल्कि सुधार की दिशा में होना चाहिए। कुछ आवश्यक कदम-

(1) यथार्थवादी पात्रता मानक

गरीबी की परिभाषा को वर्तमान सामाजिक-आर्थिक संदर्भ में पुनः परिभाषित किया जाए।

(2) मानवीय सत्यापन प्रक्रिया केवल डेटा नहीं, बल्कि मैदानी जांच और सामाजिक स्थिति को भी महत्व दिया जाए।

(3) सभी के लिए समान नियम जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के लिए एक समान नैतिक मानक स्थापित किए जाएं।

(4) अपील और पुनर्विचार का अधिकार। यदि किसी का राशन कार्ड निरस्त होता है, तो उसे न्यायपूर्ण अपील का अवसर मिलना चाहिये ।

राशन कार्ड केवल अनाज का अधिकार नहीं, बल्कि राज्य और नागरिक के बीच विश्वास का प्रतीक है।जब यह विश्वास नियमों की असमानता और प्रशासनिक कठोरता के कारण टूटता है, तब लोकतंत्र की आत्मा आहत होती है।

इसलिए आवश्यक है कि हम यह सुनिश्चित करें कि-“नीति केवल कागज पर न्यायपूर्ण न हो, बल्कि जमीन पर भी न्याय देती हुई दिखाई दे।”यही एक सशक्त, संवेदनशील और न्यायपूर्ण भारत की पहचान होगी।

सुरेश सिंह बैस "शाश्वत"
सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”
Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »