NEW English Version

एक मच्छर, अनेक बीमारियाँ : जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव

20 अगस्त : विश्व मच्छर दिवस पर विशेष

“छोटा-सा मच्छर, लेकिन उसके कारण होने वाली बीमारियाँ लाखों लोगों के जीवन को संकट में डाल देती हैं।” यह कोई अतिशयोक्ति नहीं, बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने उपस्थित एक कठोर सत्य है। मच्छर आकार में भले ही छोटा हो, किंतु मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और ज़ीका जैसे अनेक गंभीर रोगों का वाहक बनकर हर वर्ष लाखों लोगों को प्रभावित करता है। यही कारण है कि प्रतिवर्ष 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस (World Mosquito Day) मनाया जाता है, ताकि लोगों में मच्छरजनित रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

20 अगस्त 1897 को ब्रिटिश चिकित्सक सर रोनाल्ड रॉस ने यह महत्वपूर्ण वैज्ञानिक खोज की कि मादा एनोफिलीज़ (Anopheles) मच्छर मलेरिया परजीवी का वाहक होता है। इस खोज ने मलेरिया नियंत्रण के विज्ञान में नई दिशा दी और सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी गई। इसी स्मृति में प्रतिवर्ष 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया जाता है।

मच्छर स्वयं बीमारी नहीं बनाता, बल्कि विभिन्न विषाणुओं (Virus) और परजीवियों (Parasites) को एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुँचाता है। प्रमुख मच्छरजनित रोग हैं  जैसे – मलेरिया – एनोफिलीज़ मच्छर द्वारा फैलने वाला परजीवी रोग। डेंगू – एडीज़ (Aedes) मच्छर द्वारा फैलने वाला विषाणुजनित रोग।चिकनगुनिया – तेज़ बुखार और जोड़ों के दर्द वाला संक्रमण। ज़ीका वायरस – गर्भस्थ शिशु के विकास पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। फाइलेरिया – लसीका तंत्र को प्रभावित कर स्थायी विकलांगता का कारण बन सकता है। जापानी इंसेफेलाइटिस – मस्तिष्क को प्रभावित करने वाला गंभीर संक्रमण। इनमें से अधिकांश रोगों का सीधा संबंध स्वच्छता, जलभराव और पर्यावरणीय परिस्थितियों से है।

भारत उष्णकटिबंधीय जलवायु वाला देश है, जहाँ वर्षा ऋतु में मच्छरों का प्रजनन तेज़ी से होता है। शहरी क्षेत्रों में निर्माण स्थलों पर जमा पानी, खुले पात्र, कूलर, पुराने टायर और गंदी नालियाँ मच्छरों के प्रजनन के प्रमुख स्थान बन जाते हैं। डेंगू और चिकनगुनिया जैसे रोग अब केवल महानगरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रहे हैं। इसलिए यह केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का विषय है।

विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान और अनियमित वर्षा मच्छरों के प्रजनन क्षेत्र का विस्तार कर रहे हैं। इससे भविष्य में मच्छरजनित रोगों का जोखिम और बढ़ सकता है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन भी अप्रत्यक्ष रूप से सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े हुए हैं।

मच्छरजनित रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय रोकथाम है। घर और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें। मच्छरदानी और खिड़कियों पर जाली का उपयोग करें। पूरी बाँह के कपड़े पहनें।आवश्यकतानुसार मच्छररोधी क्रीम या रिपेलेंट का उपयोग करें। तेज़ बुखार, शरीर दर्द या प्लेटलेट्स कम होने जैसे लक्षण दिखें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण, जनजागरूकता अभियान और स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जाते हैं, लेकिन इनकी सफलता तभी संभव है जब नागरिक सक्रिय भागीदारी करें। प्रत्येक परिवार यदि अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखे, तो मच्छरों की संख्या में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। आज वैज्ञानिक मच्छर नियंत्रण के लिए जैविक उपाय, आधुनिक निगरानी प्रणाली, वैक्सीन और नई तकनीकों पर कार्य कर रहे हैं। फिर भी किसी भी तकनीक से अधिक प्रभावी उपाय है जन-जागरूकता और स्वच्छ जीवनशैली अपने का पूरा प्रयास करें।

मच्छर का आकार छोटा है, लेकिन उसके कारण होने वाला संकट बहुत बड़ा है। यदि समाज स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बना ले, तो डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम काफी हद तक संभव है। स्वास्थ्य केवल अस्पतालों में नहीं, बल्कि घर, गली, मोहल्ले और नागरिक जिम्मेदारी से सुरक्षित होता है।

ये दिवस हमें यह याद दिलाता है कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े संकट का कारण बन सकती है। स्वच्छता, जागरूकता और सामूहिक प्रयास ही मच्छर जनित रोगों के विरुद्ध सबसे प्रभावी हथियार हैं। आइए संकल्प लें कि अपने घर, अपने मोहल्ले और अपने शहर को स्वच्छ रखकर एक स्वस्थ और सुरक्षित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

जल न ठहरे आंगन- आँगन, यही सुरक्षा की पहचान,
स्वच्छ गली और स्वच्छ मोहल्ला, स्वस्थ रहेगा हिंदुस्तान।
छोटा मच्छर, बड़ा न बने, मिलकर ऐसा काम करें,
जागरूकता की ज्योति जलाकर,रोगमुक्त हर धाम करें।।

सुरेश सिंह बैस "शाश्वत"
सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”
Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »