सोमवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने सरकारी कार्य व दायित्व निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन के प्रकरण में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में संचालित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर /नगर निगम कॉल सेंटर में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारी अंजू चौधरी द्वारा ड्यूटी पर मौजूद रहते हुए रील बनाने के प्रकरण का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए अंजू चौधरी की सेवा को समाप्त कर दिया है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर स्थित नगर निगम के कॉल सेंटर में कार्यरत संबंधित आउटसोर्सिंग कर्मी द्वारा किए गए कृत्य का ऑडियो/वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के कारण नगर निगम अलीगढ़ की छवि प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हुई संबंधित कर्मचारी द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही एवं उदासीनता बरतने तथा कर्मचारी सेवक आचरण नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन किए जाने का संज्ञान लेते हुए इन तथ्यों के दृष्टिगत उनकी सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त किए जाने के आदेश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम अलीगढ़ नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है और कार्य में लापरवाही या नगर निगम की छवि को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम में कार्य के प्रति लापरवाही अनुशासनहीनता एवं निगम की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अलीगढ़ नगर निगम