NEW English Version

परिवार: संबंधों की जड़, समाज की शक्ति और मानवता की सबसे पहली पाठशाला

15 मई – अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस

मानव जीवन की सबसे पहली अनुभूति यदि किसी रूप में होती है, तो वह है परिवार। जन्म लेते ही हम जिस सुरक्षा, स्नेह और अपनत्व के घेरे में आते हैं, वही परिवार है। यही वह स्थान है जहाँ हम बोलना सीखते हैं, चलना सीखते हैं, और सबसे बढ़कर जीना सीखते हैं।

अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस हमें इस मूलभूत संस्था के महत्व को समझने, सहेजने और मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करता है। परिवार केवल रक्त संबंधों का समूह नहीं, बल्कि भावनाओं का जीवंत संसार है। यह वह छत है जहाँ हर व्यक्ति अपनी खुशियाँ बाँटता है और दुखों को हल्का करता है। आधुनिक जीवन की भागदौड़ में, जब समय की कमी और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएँ बढ़ती जा रही हैं, तब परिवार का महत्व और भी बढ़ जाता है। आज की तेज़ रफ्तार दुनिया में व्यक्ति भले ही सामाजिक रूप से अधिक जुड़ा हुआ दिखता हो, लेकिन भावनात्मक रूप से वह अक्सर अकेला पड़ जाता है। ऐसे में परिवार ही वह आधार है, जो उसे संतुलन और स्थिरता प्रदान करता है।

भारतीय संस्कृति में परिवार को विशेष स्थान दिया गया है। संयुक्त परिवार की परंपरा ने न केवल रिश्तों को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक मूल्यों और संस्कारों को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाया। दादा-दादी की कहानियाँ, माता-पिता का मार्गदर्शन और भाई-बहनों का स्नेह,ये सभी जीवन को समृद्ध बनाते हैं। हालाँकि बदलते समय के साथ संयुक्त परिवारों का स्वरूप बदलकर एकल परिवारों में परिवर्तित हो रहा है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि रिश्तों की गरमाहट समाप्त हो गई है।आवश्यकता केवल इतनी है कि हम तकनीक और व्यस्तता के बीच भी अपने संबंधों के लिए समय निकालें।

परिवार केवल भावनात्मक सहारा नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक मूल्यों का केंद्र भी है। सत्य, ईमानदारी, सहिष्णुता, त्याग और सम्मान ये सभी गुण परिवार से ही विकसित होते हैं। यदि परिवार मजबूत होगा, तो समाज भी मजबूत होगा।

आज जब सामाजिक विघटन, मानसिक तनाव और रिश्तों में दूरी बढ़ती जा रही है, तब परिवार की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। इसके साथ ही, हमें यह भी स्वीकार करना होगा कि परिवार की परिभाषा समय के साथ बदल रही है। आज एकल परिवार, दत्तक परिवार, एकल अभिभावक परिवार और बुजुर्गों के साथ रहने वाले परिवार सभी अपने-अपने स्वरूप में समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।

समाज को इन विविधताओं को स्वीकार करते हुए हर प्रकार के परिवार को सम्मान और सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए। अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि उन चुनौतियों पर विचार करना भी है जो आज परिवारों के सामने हैं जैसे पीढ़ियों के बीच बढ़ती दूरी, डिजिटल लत, कार्य और जीवन के बीच असंतुलन, और सामाजिक मूल्यों का क्षरण। इन समस्याओं का समाधान तभी संभव है, जब हम संवाद को बढ़ावा दें, एक-दूसरे को समझने का प्रयास करें और परिवार को प्राथमिकता दें।

आज के समय में यह भी आवश्यक है कि परिवार केवल जिम्मेदारियों का बोझ न बन जाए, बल्कि वह एक ऐसा वातावरण बने जहाँ हर सदस्य अपनी स्वतंत्रता, सपनों और पहचान को भी जी सके।संतुलन ही स्वस्थ परिवार की कुंजी है जहाँ परंपरा और आधुनिकता, दोनों साथ-साथ चलें।

परिवार वह शक्ति है जो हमें हर कठिनाई में संभालती है और हर सफलता में हमारे साथ खड़ी रहती है। अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस हमें यह संकल्प लेने की प्रेरणा देता है कि हम अपने परिवार को केवल एक संबंध नहीं, बल्कि जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार मानेंगे,जिसे सहेजना, संवारना और सम्मान देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

रिश्तों की गर्माहट में, जीवन का विस्तार,
परिवार की छांव में मिलता सुकून अपार।
साथ हो अपनों का तो हर राह आसान,
यही है जीवन का सच,यही है असली संसार।।

सुरेश सिंह बैस "शाश्वत"
सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”
Book Showcase

Best Selling Books

Ikigai: The Japanese secret to a long and happy life

By Héctor García, Francesc Miralles

₹318

Book 2 Cover

Why I am an Atheist and Other Works

By Bhagat Singh

₹104

Truth without apology

By Acharya Prashant

₹240

Until Love Sets Us Apart

By Aditya Nighhot

₹176

Translate »